21 मई को शासकीय बालक उत्कृष्ट उमावि में होगा कॅरियर मार्गदर्शन
बड़वाह | राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के कॅरियर मार्गदर्शन के लिए हम छू लेंगे आसमां योजना शुरू की जा रही है। योजना की शुरुआत 21 मई को भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10 से 11 बजे तक छात्र-छात्राओं से स्वयं फोन पर बात करेंगे। प्रदेश भर से छात्र-छात्राएं टेलीफोन नंबर 0755-2770020 पर मुख्यमंत्री को कॉल कर सकते हैं। इस योजना में 12 वीं कक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न कैरियर्स व अकादमिक विकल्पों के बारे में आधुनिक तकनीक व काउंसलिंग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही 11वीं व 12वीं परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी कौशल विकास, स्वरोजगार व रोजगार के विभिन्न विकल्पों से अवगत कराया जाएगा। बीईओ डीएस पिपलौदे ने बताया 21 मई को शासकीय बालक उत्कृष्ट उमावि में कॅरियर मार्गदर्शन का आयोजन होगा। जिसमे विद्यार्थियों को हाल में दूरदर्शन के प्रसारण को एलईडी प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया जाएगा। विद्यार्थी मुख्यमंत्री से चर्चा भी कर सकेंगे। उन्होंने कक्षा 12 में उत्तीर्ण अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन में पहुंचने का आग्रह किया है।