रहवासियों को नियमित सफाई रखने की शपथ दिलाई
कार्यक्रम के दौरान शपथ लेते कर्मचारी।
भास्कर संवाददाता | बड़वाह
चिकित्सा विभाग ने बुधवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया। इस मौके पर सीबीएमओ डॉ. विक्रम सिंह सोलंकी के निर्देश पर लेब टेक्नीशियन टीआर कानुड़े ने शासकीय अस्पताल परिसर में सभी कर्मचारियों को डेंगू रोकथाम में सहयोग करने की शपथ दिलवाई।
उन्होंने कर्मचारियों को अपने घर की छत पर पड़े कबाड़, डिब्बे, टायर, नारियल के खोल, प्लास्टिक कंटेनर का निस्तारण करने, प्रति सप्ताह अपने घर के कूलर टंकियों की सफाई कर सूखा कर प्रयोग में लेने, घर आसपास के क्षेत्र में गड्ढों व खाली भूखंडों से पानी की निकासी व मिट्टी भरवाने में जन सहयोग लेने व सप्ताह में एक बार मोहल्लेवासियों को सफाई के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलवाई। इस दौरान डॉ. अनिल घोड़ेला, डॉ. दिनेश ठाकुर, डॉ. अनुज, डॉ. अजय कटारा व मलेरिया निरीक्षक उस्मान पठान सहित कार्यालय स्टाफ मौजूद था।
डेंगू से बचाव के बताए उपाय, जागरुकता की ली शपथ
सनावद | बुधवार को शासन के निर्देशानुसार डेंगू दिवस मनाया गया। इसमें उपसरपंच कडवाजी मंडलोई ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें जनसमुदाय कर्मचारी अधिकारी व आशा कार्यकर्ताओं ने डेंगू के बचाव के बारे में बताया। अपने गांव में इसका प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करने की बात कही। सभी ने शपथ ली कि हमारे घर, ग्राम, ब्लॉक से लार्वा को पनपने नहीं देंगे। प्रभारी डॉ. अभिषेक मुकाती ने डेंगू बीमारी होने के कारण व उससे बचाव के लिए सावधानियों की जानकारी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी व अन्य लोग उपस्थित थे।