बड़वाह | वेतन संबंधी मांगों को लेकर प्रदेश के 108 कर्मचारी रविवार से हड़ताल पर चले गए है। हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने लगी है। दो महीने में तीन बार कर्मचारी काम बंद कर चुके है। सोमवार को जब 108 कॉल सेंटर पर मरीजों के परिजनों ने कॉल किया तो जवाब मिला. एंबुलेंस के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए है इसलिए आप अपने साधन से ही मरीज को अस्पताल ले जाइए।
गरीब परिजन को निजी गाड़ी करके मरीज को इंदौर अस्पताल ले जाना पड़ा। सोमवार सुबह तेंदू पत्ता तोड़ने के दौरान महेश्वर तहसील के ग्राम ककवाडा निवासी चालीस वर्षीय मयाराम पिता नगिया पेड़ से नीचे गिर गया था। घटना के समय प|ी अंगूर बाई वही मौजूद थी। राहगीरों की सहायता से तुरंत मयाराम को गम्भीर अवस्था में बड़वाह शासकीय अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया। इस दौरान परिजनों ने 108 पर फोन लगाया तो जवाब मिला गाडिय़ां हड़ताल पर है। मजदूर को इधर.उधर से कर्जा लेकर निजी गाड़ी करके इंदौर अस्पताल जाना पड़ा। कर्मचारियों का आरोप है कि बिना बताए हर महीने वेतन काटा जा रहा है। कटौती का यह सिलसिला पिछले तीन माह से निरंतर जारी है। इस संबंध में पहले भी कई बार लिखित में शिकायत की गई है लेकिन अधिकारियों द्वारा इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हर बार आश्वासन दिया जाता है लेकिन मांगों पर कभी गौर नहीं किया जाता। कंपनी के अधिकारी कभी भी ठीक तरह से जवाब नहीं देते। जिसके चलते कर्मचारी वर्ग में आक्रोश है। कर्मचारी संगठनों की मांग है कि राज्य सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करे ताकी कर्मचारियों को समय पर सही वेतन मिल सके।