मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार भोपाल के मॉडल स्कूल टीटी नगर में विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न कॅरियर और अकादमिक विकल्पों के बारे में जानकारी देने के लिए बनाई गई। योजना हम छू लेंगे आसमा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विद्यार्थियों से सीधे दूरभाष पर चर्चा की।
नगर के शासकीय बालक उत्कृष्ट उमावि में आयोजित ब्लाक स्तरीय आयोजन में मुख्यमंत्री को फोन नहीं लगने से मामा के भांजे-भांजियों को कार्यक्रम से निराश होकर लौटना पड़ा। सुबह 10.35 बजे से मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण दूरदर्शन और आकाशवाणी पर शुरू हुआ। विद्यार्थी भी तय समय पर स्कूल पहुंच चुके थे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से चर्चा करना शुरू कि तो उपस्थित विद्यार्थी अपने-अपने मोबाइल से 0755.2770020 नंबर लगाकर सवाल पूछने के लिए प्रयास कर रहे थे। एक घंटे के कार्यक्रम में सभी विद्यार्थी मोबाइल में व्यस्त थे लेकिन एक भी विद्यार्थी का फोन नहीं लगा। अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त कर निराशा जाहिर की। प्राचार्य कैलाश खांडेकर, प्रभारी के.अार. वर्मा ने विद्यार्थियों को कहा कि आगामी दिनों में कैरियर्स तथा अकादमिक विकल्पों के बारे में आधुनिक तकनीक एवं काउंसलिंग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। 11वीं एवं 12वीं परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी कौशल विकास, स्वरोजगार व रोजगार के विभिन्न विकल्पों से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ पालकगण, शासकीय कन्या उमावि प्राचार्य हंसा कानुड़े, प्राचार्य मनोहरलाल जैन, बीएसी महेश कनासे, राजू भालसे व अन्य स्टाफ उपस्थित था।
मुख्यमंत्री ने लांच किया माय एमपी रोजगार पोर्टल
युवाओं को उनकी योग्यतानुसार मिलेगा रोजगार। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ीम छू लेंगे आसमाँ मुख्यमंत्री कॅरियर काउंसलिंग पहल कार्यक्रम में माय एमपी रोजगार पोर्टल लांच किया। पोर्टल के माध्यम से युवक अपनी योग्यतानुसार स्वयं की प्रोफाइल को पोर्टल पर रजिस्टर कर रोजगार खाता खोल सकेगा। पोर्टल के माध्यम से वह अपनी पसंद के रोजगार की जगह, कार्य, क्षेत्र, सेक्टर व जॉब रोल का निर्धारण कर सकता है। प्रोफाइल एकाउंट में सर्च करने पर उसे मालूम हो सकेगा कि उसकी रुचि और योग्यता के आधार पर रोजगार देने वाले कितने नियोजक व कितने पद उपलब्ध हैं। ऑनलाइन ही इन कम्पनियों में नौकरी के लिये आवेदन भी कर सकेंगे। रोजगार अकाउंट में दी गई जानकारी को ऑनलाइन अपडेट किया जा सकेगा व नौकरी मिलने के बाद नई नौकरी के लिये भी रोजगार अकाउंट का उपयोग कर सकेगा। नियोजक कम्पनी भी इस पोर्टल पर नि:शुल्क नियोजक खाता खोल सकती है। खाते में वह उसके यहाँ नौकरी के लिये जरूरी योग्यता,प्रशिक्षण आदि की जानकारी रखेगा। पोर्टल नियोजक के समक्ष जॉब प्राप्त करने वालों की लिस्ट व प्रोफाइल उपलब्ध करवा देगा। पोर्टल के माध्यम से ही नियोजक आवेदन आमंत्रित कर आवेदक को इंटरव्यू के लिये बुला सकेगा।
यह सवाल पूछने वाले थे विद्यार्थी
शिवकोठी ओंकारेश्वर से आई स्थानीय शासकीय कन्या उमावि की छात्रा कल्याणी यादव मुख्यमंत्री से यह सवाल पूछने वाली थी कि यदि मेधावी विद्यार्थी की सरकारी कालेज में फीस सरकार भरेगी तो प्राइवेट कालेज की क्यों नहीं। छात्रा ने कामर्स संकाय में 84.8 प्रतिशत अंक हासिल किए है। करोली निवासी राखी चौहान व सनावद निवासी कुनिका पगारे का सवाल था कि 70 प्रतिशत से अधिक वाले को मेधावी प्रोत्साहन राशि मिलेगी या नहीं। छात्रा राखी को कामर्स संकाय में 72 प्रतिशत व कुनिका को 74.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए है। बोधगांव महाराणा प्रताप हाईस्कूल का छात्र अतुल चौधरी का सवाल था कि मेरे 74 प्रतिशत अंक आए है मुझे सरकारी कालेज में फीस लगेगी या नहीं। इसी तरह अन्य विद्यार्थी भी अपने घर से मुख्यमंत्री से चर्चा कर दूरभाष पर प्रश्न पूछने वाले थे।
437 में से 159 ही पहुंच पाए विद्यार्थी
महेश्वर | उत्कृष्ट उमावि प्रागंण में प्रोजेक्टर से मुख्यमंत्री के हम छू लेंगे आसमां ’’ योजना का प्रसारण हुआ। 12 वी बोर्ड की परीक्षा में 70 प्रतिशत एवं इससे ज्यादा अंक लाने वाले तहसील के 437 विद्यार्थी थे। बसों के हड़ताल होने से प्राचार्यों के प्रयासों से 159 विद्यार्थी उपस्थित हुए। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण हुआ। यह अभियान तीन चरणों में होगा। इसमें छात्र-छात्राओं के कॅरियर के संबंध में जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिप्रेशन से बचाने की कोशिश है। इस दौरान बीईओ दामोदर नागर, बालक उमावि प्राचार्य अवधबिहारी गुप्ता, उमावि पिपल्याबुजुर्ग प्राचार्य मांगीलाल बामनिया, उमावि बबलाई प्राचार्य डाॅ.बसंत वर्मा, उमावि करही पाडल्या प्राचार्य अरूणसिंह, उत्कृष्ट उमावि प्राचार्य सुशील पोतदार सहित प्रभारी राजेश राठौड़, विष्णु पाटीदार, सुभाष राठौड़, बसंत सोलंकी, कड़वा सांवले आदि थे।