जपं में महिलाओं ने लगाया ताला, आधे घंटे तक बंद रहे अफसर और कर्मचारी
शिकायतों, गुहार व विरोध प्रदर्शन के बाद भी बड़वाह कस्बा पंचायत के तहत पीली मिटटी क्षेत्र के रहवासियों की पेयजल समस्या का निराकरण नहीं हुआ। इससे आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को जनपद पंचायत में ही ताला जड़ दिया। करीब आधे घंटे तक एसडीएम सहित कई अधिकारी, कर्मचारी व आमजन पंचायत में ही रहे। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया की समझाइश के बाद क्षेत्र की महिलाओं ने ताला खोला।
6 दिन पहले बुधवार को क्षेत्र की महिलाओं ने जनपद पंचायत पहुंचकर करीब 3 घंटे तक पेयजल समस्या को लेकर जनपद परिसर में आक्रोश व्यक्त किया था। साथ ही पूर्व सरपंच का घेराव भी कर दिया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद क्षेत्र के महिला पुरुष वहां से चले गए थे लेकिन समस्या का निराकरण नहीं होने पर मंगलवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं व पुरुष जनपद पहुंचे। जनसुनवाई में एसडीएम मधुवंतराव धुर्वे के सामने देर तक आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने जनपद पंचायत के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। एसडीएम सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व आवेदक अंदर ही थे तो कुछ आवेदक जनसुनवाई में शिकायत के लिए देर तक बाहर ही खड़े रहे। करीब आधे घंटे तक महिलाओं ने सरपंच-सचिव और सीईओ के खिलाफ नारेबाजी करके उन्हें पंचायत में बुलाने की मांग की। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को देख महिलाएं नारे लगाने लगी। इसके बाद थाना प्रभारी की समझाइश के बाद महिलाओं ने गेट खोला।
जनपद पंचायत पर ताला लगाकर नारे बाजी करती महिलाएं।
लोगों को भड़काया जा रहा है
सरपंच प्रतिनिधि रुबाब खान ने बताया पीली मिटटी क्षेत्र के महिलाओं व पुरुषों को जानबूझकर भड़काया जा रहा है। बंद पड़ी बोरिंग में मोटर डलवाई गई है। विद्युत कनेक्शन भी ले लिया है। बुधवार सुबह ही मैंने क्षेत्र के लोगों को इस संबंध में जानकारी देकर दो-तीन दिन में समस्या हल हो जाने की बात कही थी। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में 1400 नाम जोड़े, करियामाल में विद्युत पोल व 40 लाख का खरंजा निर्माण करवाया है। इसके बाद भी कुछ लोग जानबूझकर लोगों को भड़का कर शिकायत करवा रहे हैं।
पानी के लिए भटक रहे लोग, नहीं मिल रही सुविधा
प्रमिला बाई, रेखा बाई, शांतिबाई, सरोजबाई ने थाना प्रभारी को कहा साहब भीषण गर्मी में पानी के लिए हमें भटकना पड़ रहा है। पंचायत के सरपंच-सचिव पानी की व्यवस्था नहीं करवा रहे हैं। क्षेत्र में एक ट्यूबवेल है लेकिन पाइपलाइन नहीं होने के कारण हमें पानी नहीं मिल रहा है। महिलाओं ने कहा यदि जल्द हमारी पानी की समस्या हल नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करके भूख हड़ताल करेंगे। पंच श्याम रावत, सरोज बाई, राधा बाई, जीवन बाई सहित महिला-पुरुषों ने एसडीएम को आवेदन साैंपा। उन्होंने आवेदन के माध्यम से बताया ग्राम पंचायत के करियामाल में मुलभूत सुविधाओं का अभाव है। हमारे क्षेत्र में खरंजा, नाली, पानी, सार्वजनिक शौचालय सहित स्टेट लाइट पोल का अभाव है। प्रधानमंत्री आवास सुविधा के तहत किसी भी निवासरत वांछित वैधानिक हितग्राहियों का न तो नाम जोड़ा जा रहा है न राशनकार्ड किसी भी वर्ग श्रेणी के नहीं बनाए जा रहे हैं। हमारे क्षेत्र में 38 लाख रुपए की नलजल योजना लागू की गई थी लेकिन उसे भी जिम्मेदारों ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। उन्होंने बताया प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम सूची में 334 पात्र लोगों के नाम जोड़े गए थे। जिसमें 283 ही हितग्राहियों के ही नाम रहे हैं।