समय पर नहीं खुल रहे स्कूल के ताले, गेट पर खड़े रहते हैं विद्यार्थी
बड़वाह ब्लाॅक की प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में समय पर स्कूल खुलने के बाद भी शिक्षक नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण से शिक्षण व्यवस्था बेहाल है। कुछ स्कूलों में तो समय होने के बाद भी शिक्षकों के न पहुंचने पर स्कूल का ताला तक नहीं खुल रहा। जिस कारण से स्कूल पहुंचने वाले छात्र शिक्षकों के इंतजार में स्कूल के बाहर खड़े रहकर इंतजार कर रहे हैं।
ग्राम सिरलाय की स्कूल में बच्चों को शिक्षकों का इंतजार करना पड़ता है। स्कूल में पढ़ाई नहीं होने से कई बार ग्रामीणों ने बीआरसी डीएस पंवार को स्कूल के बारे में शिकायत की लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। क्षेत्र के जनशिक्षक भुवनेश कुमार पाराशर मंगलवार सुबह स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें कोई नहीं मिला। सिरलाय मावि में बच्चे स्कूल गेट के बाहर खड़े थे। प्रधान पाठक देवीसिंह करीब 8.30 बजे निरीक्षण अधिकारी के सामने गेट खोलने पहुंचे। इसके बाद शिक्षिका शीतल सोहनी 8.45 बजे व शिक्षक सखाराम भालेराव 8.54 बजे स्कूल पहुंचे। स्कूल के समय 9.30 बजे तक रजनी सोनी व भृत्या उर्मिला बघेल अनुपस्थित थे। कलेक्टर के निर्देशानुसार स्कूल खुलने का समय सुबह 7 बजे और बंद होने का दोपहर 12 बजे है। प्राथमिक विद्यालय में भी यही हाल थे। 7.45 बजे जब जनशिक्षक स्कूल पहुंचे तो स्कूल खुली थी लेकिन प्रधान पाठक गोपाल कुंडल, सुरेंद्र पटेल अनुपस्थित पाए गए। एक अन्य शिक्षिका का आवेदन मिला लेकिन वह प्रधानपाठक द्वारा स्वीकृत नहीं था। बीआरसी डीएस पंवार ने प्रधान पाठक और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल के गेट पर ताला लगा होने से बाहर खड़े विद्यार्थी।
प्राथमिक विद्यालय में 10 तो मावि में 4 बच्चे ही पहुंचे स्कूल
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में मात्र 10 विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। वहीं मावि में चार विद्यार्थी स्कूल में उपस्थित थे। संख्या से ऐसा प्रतीत होता है कि शिक्षक शासन की जॉय फूल लर्निंग जैसी महत्वपूर्ण योजना के प्रति गंभीर नहीं है। 27 मार्च 2018 को जनशिक्षा केंद्र स्तरीय जॉय फूल लर्निंग ट्रेनिंग में सभी शिक्षकों को बुलाने के बाद इन शालाओं से 1-1 शिक्षक ही शामिल हुए थे। प्रावि सिरलाय में मध्याह्न भोजन भी नहीं बना व कक्षा पर ताला लगा था। इसके बाद सुबह 10.30 बजे बड़वाह स्थित प्रावि क्रमांक 11 उर्दू शाला का निरीक्षण करने पहुंचे तो स्कूल बंद पाई गई।
कम उपस्थिति देख नाराज हुए बीआरसी
बीआरसी डीएस पंवार ने बांगरदा कन्या मावि, बालक मावि, बासवा, ढकलगांव की स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कम उपस्थिति देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा पालकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया जाए। बांगरदा कन्या मावि में जॉय फूल लर्निंग की पर्याप्त सामग्री स्कूल में नहीं थी। बीआरसी ने प्रधान पाठक को तुरंत सामग्री क्रय करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों को नोटिस भी दिया।