हितग्राहियों को गैस कनेक्शन बांटते मंत्री व अन्य।
भास्कर संवाददाता | सनावद
केंद्र की मोदी व प्रदेश की शिवराज सरकार गरीबों के कल्याण के लिए सदैव प्रय|शील है। पिछली सरकार के समय गैस कनेक्शन होना अमीरी की निशानी थी। आज भाजपा सरकार ने गरीबों को 3 करोड़ कनेक्शन उज्ज्वला योजना के तहत नि:शुल्क बांटे हैं। हर व्यक्ति को घर देने के लिए 2022 तक का लक्ष्य रखा गया है। हर गांव में प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री योजना में तेजी से मकानों का निर्माण होकर हर घर में शौचालय का निर्माण हो चुका है।
ग्राम गलगांव में रविवार को आयोजित हितग्राही सम्मेलन में जिले के प्रभारी मंत्री व शिक्षा मंत्री विजय शाह ने यह बात कही। उन्होंने 10 लाख रुपए की लागत से बने गांव के मांगलिक भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा शादी विवाह मांगलिक कार्यों के लिए गरीब मध्यम वर्ग को धर्मशाला किराए से ना लेना पड़े इसके लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जा रहा है। जहां भवन नहीं है। आप आवेदन दीजिए हम जल्द से जल्द निर्माण करवाएंगे। कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र व गैस सिलेंडर का वितरण किया। गांव के हरिजन मोहल्ले में नाली निर्माण की बात पर प्रभारी मंत्री ने तत्काल 5 लाख की घोषणा कर पंचायत सचिव को 3 माह में निर्माण करने के आदेश दिए। साथ ही कहा इस काम का बीड़ा उठाने वाले बलिराम भाई के यहां नाली बनने के बाद में स्वयं मुआयना करने आऊंगा और भोजन भी करूंगा। कार्यक्रम में विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी ने भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान खरगोन कलेक्टर अशोक वर्मा, एसपी डी कल्याण चक्रवर्ती, जिला पंचायत सीईओ सहित प्रशासनिक अधिकारी व दुलीचंद चोपड़ा, जनपद सदस्य दिलीप पटेल, मीडिया प्रभारी रशीद जोया ग्राम सरपंच सहित ग्रामवासी व हितग्राही उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री ने ली जियोस की बैठक, कहा-योजनाओं का लाभ समय पर सही हितग्राही को देने का करें प्रयास
भास्कर संवाददाता | बड़वाह
मंत्री विजय शाह की अध्यक्षता में रविवार को शाम करीब 5 बजे जिला योजना समिति की बैठक जयंती माता रोड स्थित सीआईएसएफ के सांस्कृतिक भवन में हुई। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने बड़वाह सहित ब्लाॅक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों, विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर अशोक वर्मा, एसपी डी कल्याण चक्रवर्ती सहित क्षेत्रीय विधायक हितेंद्रसिंह सोलंकी भी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री ने नपा बड़वाह सीएमओ संतराम चौहान से वार्ड 2 में मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ ने बताया ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य के तहत भुगतान हो गया है। नोटिस देने के बाद भी कार्य शुरू नहीं कर रहा। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सीएमओ से नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी भी ली। विधायक सोलंकी ने सीएमओ से पूछा जल आवर्धन योजना के तहत पाइप लाइन तो डाल दी गई है लेकिन टंकी निर्माण को लेकर स्थान अब तक क्यों चिन्हित नहीं किया गया। इस पर सीएमओ ने बताया कुछ दिन पहले ही एसडीएम साहब के साथ काटकूट फाटे पर टंकी निर्माण के स्थान का चयन करने के लिए गए थे। विधायक ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर प्रयास किए जाए कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे आंगनवाड़ी तक पहुंचे ताकि शासन की योजना का पूर्ण रूप से उन्हें लाभ मिले। विधायक ने निरीक्षण के दौरान कानापुर की आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति पर चिंता जाहिर की। विद्युत कंपनी के अधिकारियों से बड़वाह में पोल शिफ्ट करने के अधूरे पड़े कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान योजना की जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया की सभी विभागीय अधिकारी इस बात को ध्यान में रखे कि शासन की योजनाओं का लाभ सही समय पर सही हितग्राही को मिले। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। इस दौरान एसडीएम मधुवंतराव धुर्वे, एसडीओपी मानसिंह ठाकुर, थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।