आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद संगीता मुकेश चौहान वार्डवासियों के साथ सुबह 11.30 बजे नगर पालिका पहुंची। जहां उन्होंने सीएमओ संतराम चौहान का घेराव करके खरीखोटी सुनाई। साथ ही नपा का गेट बंद कर अध्यक्ष कक्ष के बाहर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
सीएमओ से पार्षद प्रतिनिधि मुकेश चौहान ने कहा नपा कर्मचारियों ने वार्ड में सर्वे करके करीब 70 से अधिक हितग्राहियों के आवेदन जमा करवाए थे लेकिन लाभ मात्र एक हितग्राही को ही क्यों मिला। इसका जबाव चाहिए। सीएमओ ने कहा वार्ड नंबर एक के रहवासियों की जमीनों का नपा में कोई रिकार्ड नहीं है। इसके लिए सभी आवेदन अपात्र हो गए हैं। जिस जमीन पर रहवासी निवास कर रहे हैं। वह किसी संस्था की जमीन है। आपको पट्टे मिलने के बाद ही आवास योजना का लाभ मिल सकेगा। यह सुन वार्डवासी और आक्रोशित हो गए। उन्होंने सीएमओ के कक्ष में नारे बाजी करना शुरू कर दी। इसके बाद सभी नपा अध्यक्ष प्रीती राय के कक्ष के बाहर धरने के लिए बैठ गए।
इस दौरान कुछ महिलाओं ने नपा का मेन गेट भी लगा दिया था। इस बीच नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल राय भी नपा में पहुंचे। श्री राय भीड़ में से निकल कर सीएमओ के कक्ष में पहुंचे। जहां सीएमओ से चर्चा करने के बाद निर्णय हुआ है सीएमओ और अध्यक्ष दोनों मंगलवार को एसडीएम साहब से रहवासियों के लिए पट्टे की बात करेंगे। नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद वार्डवासी सभी वापस लौट गए। पार्षद प्रतिनिधि ने सीएमओ को कहा रहवासी करीब 40 वर्ष से निवास कर रहे हैं। अभी तक वहां रहवासियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला है।
वार्ड की 40 वर्षीय विधवा महिला नन्नी बाई ने बताया पति कालू की 6 वर्ष पहले ब्लड कैंसर से मौत हो गई थी। घर में कोई कमाने वाला भी नहीं था। नपा के अधिकारियों के चक्कर काटते-काटते चप्पल घिस गई लेकिन अभी तक सहायता राशि नहीं मिली। मजदूरी करके दो बच्चों का जीवन यापन कर रही हूं। घर में हम दोनों सास-बहू विधवा है। बेटे सत्यनारायण की ढाई वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई। मकान कच्चा होने के कारण गिरने की कगार पर है। बारिश के समय तो बहुत परेशानी होती है।
सीएमओ संतराम चौहान का घेराव कर विरोध करती महिलाएं।
गोपाल मंदिर की है जमीन
नपा उपाध्यक्ष गणेश पटेल ने बताया वार्ड 1 के रहवासी जिस जगह निवास कर रहे हैं। वह जमीन गोपाल मंदिर की है। कुछ शासकीय जमीन भी है। करीब 50 वर्षों से रहवासी निवास कर रहे हैं। कलेक्टर साहब से चर्चा कर रहवासियों को पट्टे उपलब्ध कराना चाहिए। सीएमओ ने कहा संस्था की जमीन होने के कारण एसडीएम साहब से चर्चा कर रहवासियों को पट्टे उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। वार्ड में जो भी समस्या है। उसे जल्द पूरा किया जाएगा।