1 फायर फायटर के भरोसे नपा, कंडम होने पर दूसरा किया खड़ा
ब्लॉक मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए नगर पालिका के पास पुख्ता बंदोबस्त नहीं है। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की कई गलियों व बाजारों की स्थिति ऐसी है कि आगजनी की घटना के दौरान नगर पालिका के दमकल वाहन को ले जाना कठिन होता है। नपा का छोटा वाहन करीब एक साल से मरम्मत के अभाव में कंडम हो चुका है। ऐसे में यदि एक ही समय पर दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी हुई तो नपा उन पर कैसे काबू पा सकेगी। हालांकि नपा की ओर से पुराने फायर फायटर की मरम्मत करवाने की बात कही जा रही है। ऐसे में जब तक वाहन सुधर कर नहीं आ जाता तब तक एक ही वाहन के भरोसे आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के प्रयास नपा को करना होंगे।
गर्मी के दिनों में क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं लगातार हो रही है। ब्लाॅक मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में कहीं भी आग लगने पर नगर पालिका द्वारा फायर फायटर को भेज दिया जाता है। यदि इसी दौरान शहर या आसपास किसी दूसरी जगह आगजनी की घटना हो जाए तो इसके लिए पीड़ित लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण कई गांवों में आगजनी से लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।
खराब फायर फायटर खड़ा कर दिया है।
चालू फायर फायटर की क्षमता 5000 लीटर
गर्मी शुरू होते ही क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं बढ़ गई है। खेत खलिहानों में आए दिन आगजनी की घटनाएं हो रही है। अभी नपा के पास 5000 लीटर क्षमता वाला नवीन चाहन है। जो लंबी दूरी तक जाकर आगजनी की घटना पर काबू पाने का काम कर रहा है लेकिन वाहन बड़ा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत परेशानी हो रही है।
कर्मी बोले- नहीं है आग बुझाने के सुरक्षा यंत्र
फायर फायटर पर वर्तमान में 4 कर्मचारी पदस्थ हैं। कर्मचारियों ने बताया हमारे पास सुरक्षा उपकरण के अलावा यूनिफॉर्म भी नहीं है। इस बारे में कई बार अधिकारियों से मांग कर चुके हैं लेकिन उसके बाद भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। वहीं जब हम लोग आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर जाते हैं तो उस दौरान हम लोगों को स्वयं की जिम्मेदारी पर आग पर काबू पाना होता है। साथ ही 8 घंटे की बजाय 24 घंटे हमारे से कार्य लिया जा रहा है। फायर विभाग में लगे कर्मचारियों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं है। जिसके कारण आगजनी पर काबू पाते समय उनके साथ भी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
लाखों के फायर फायटर को खड़े करने के लिए नहीं है शेड
नपा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण करीब 24 लाख रुपए की लागत के नवीन फायर फायटर को खड़े करने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है। हालांकि नपा अधिकारियों द्वारा अभी वाहन को नपा परिसर में खड़े करने की व्यवस्था की गई है लेकिन वहां टीन शेड नहीं बने होने के कारण धूप व पानी से फायर फायटर खराब हो रहा है। कर्मचारियों ने बताया धूप के कारण उसकी वायरिंग भी लूज हो रही है। वहीं लाॅक, लाइट भी खराब हो गए हैं। यदि वाहन को सुरक्षित रखने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई तो यह वाहन बारिश और धूप के कारण खराब हो जाएगा।
खराब वाहन को भेजेंगे कंपनी को
खराब फायर फायटर की मरम्मत की प्रक्रिया जारी है। जल्द उसे कंपनी भेजकर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। लोगों को इसकी सुविधा मिलेगी। -संतराम चौहान, सीएमओ, बड़वाह
नवीन फायर फायटर से ले रहे काम।