200 से अधिक तप आराधकों के होंगे पारणे
संतों के सानिध्य में 18 अप्रैल को बड़वाह के अणु दरबार मंडी प्रांगण में अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री संघ के महामंत्री दिलीप भंडारी ने बताया कि निमाड़ में श्री वर्धमान श्वेतांबर जैनश्री संघ व अणु स्वाध्याय मंडल के विशेष सहयोग से किए जा रहे इस अलौकिक आयोजन में पूज्य गुरुदेव जिनेंद्र मुनि व संत मंडल के सानिध्य में देश के विभिन्न प्रांतों के करीब 200 से अधिक वर्षीतप आराधकों के सामूहिक पारणे होंगे।
17 अप्रैल को श्री जैन श्वेतांबर स्थानक भवन में सुबह 9 से 10 बजे तक संत मंडल के प्रवचन, दोपहर में महिला मंडल व बहु मंडल द्वारा चौबीसी होगी। 18 अप्रैल को अणु दरबार मंडी प्रांगण में सुबह 8.30 बजे आलोचना विधि व प्रवचन, सुबह 10.30 बजे बहुमान व पारणा महोत्सव, साधर्मी वात्सल्य सुबह 11.15 बजे से शुरू होगा। पारणा महोत्सव के प्रमुख सहयोगी प्रेमचंद पगारिया, प्रवीणचंद छाजेड़, प्रेमचंद खींवसरा, प्रवीण सांड, मोहनलाल ओसतवाल, बसंतीलाल कंकुचोपड़ा, महेंद्र सुराणा, सुनील कंकुचोपड़ा, शांतिलाल बडेरा, ललित सुराणा, अनिल सुराणा सहित समाजजनों के विशेष सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
अक्षय तृतीया पारणा महोत्सव 18 को बड़वाह में होगा, देश के विभिन्न प्रांतों से आएंगे आराधक
मंडी प्रांगण में होगा अक्षय तृतीया पारणा महोत्सव का आयोजन।
तैयारियां अंतिम चरण में
आयोजनकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां एक माह से की जा रही है। मंडी प्रांगण में अणु दरबार सजाया जा रहा है। इसी दरबार में पूज्य गुरुदेव जिनेंद्र मुनि व संत मंडल के सानिध्य में 200 वर्षीतप आराधक पारणा करेंगे। जिसकी तैयारियां भी अंतिम चरणों में हैं। श्री संघ द्वारा मप्र सहित अनेक राज्यों से आने वाले सैकड़ों गुरु भक्तों के ठहरने की अलग-अलग जगहों पर व्यवस्था भी की है। संघ के महामंत्री दिलीप भंडारी ने बताया वर्षीतप महोत्सव में मप्र, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित कई प्रदेशों से वर्षीतप आराधक बड़वाह पहुंचेंगे। निमाड़ में पहली बार पूज्य गुरुदेव जिनेंद्र मुनि व संत मंडल के सानिध्य में वृहद स्तर पर वर्षीतप पारणा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन श्री संघ बड़वाह द्वारा किया जा रहा है। महोत्सव में निमाड़ के श्री संघों के साथ ही मालवा के श्री संघों द्वारा भी अपनी सेवाएं दी जा रही है।