चिड़ावा | पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ की ब्लॉक इकाई से संबद्ध कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री-पंचायतीराज मंत्री को पांच सूत्री मांगपत्र भेजा है। शुक्रवार दोपहर संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी कैलाशसिंह कविया को ये मांगपत्र सौंपा। उन्होंने मनरेगा संविदा कार्मिकों के आंदोलन के समर्थन में तथा पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों के कैडर रिव्यू सहित अन्य मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इसमें 18 मई से मनरेगा योजना संबंधी समस्त कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार, 21 से 23 मई ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा कार्यालयों के सामने गांधीवादी आंदोलन के तहत राहगीरों को ठंडा पानी-शरबत पिलाकर समर्थन-सहयोग मांगने, 24 से मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा कार्यालयी कामकाज का अनिश्चितकालीन बहिष्कार कर 11 जून को जयपुर कूच करना प्रस्तावित है। मांगपत्र देने वालों में संगठन के ब्लॉक संयोजक गुलझारीलाल, अध्यक्ष सुभाषचंद्र कुमावत, मंत्री विनोद कुमार, सुमन कुमारी, सुमनदेवी, राकेश बराला, जितेंद्र, ओमप्रकाश धनखड़, धर्मपाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
झुंझुनूं | पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने पांच सूत्री मांगों को लेकर एडीएम मुन्नी राम बागड़िया को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष राकेश बराला ने बताया कि 23 मई तक मांगें स्वीकार नहीं की गई तो 24 मई से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उपाध्यक्ष अनुज बेनीवाल ने बताया कि पंचायती राज कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013, शेष रहे संपूर्ण पदों पर भर्ती, मंत्रालयिक कर्मचारियों के स्वीकृत पदों के विरुद्ध कैडर स्ट्रैंथ रिवाइज करने, गृह जिले में स्थानांतरण करने, अनुकंपा नियुक्ति के तहत लगे कनिष्ठ लिपिकों को टंकण परीक्षा से राहत प्रदान करने और मंत्रालयिक कर्मचारियों का जॉब-चार्ट निर्धारित किया जाए पांच सूत्री मांग है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष प्रमोद चोपड़ा, पवन बोयल, सत्यप्रकाश, नासिर खां, कुलदीप, रविंद्र, सुधींद्र, अनिल मौजूद थे।
चिड़ावा. मांगपत्र सौंपते पंचायतीराज कर्मचारी।