मजदूरों ने फूंका जलेश्वर का पुतला
बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र में निर्माणाधीन न्यू मधुबन कोल वाशरी में कार्यरत मजदूरों द्वारा बुधवार को वाशरी के मुख्य द्वार के समक्ष पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो का पुतला दहन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे खानुडीह पंचायत के मुखिया गोपाल महतो ने कहा कि पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो मजदूर विरोधी कार्य कर रहे हैं। भोलेभाले नौजवानों को बरगला कर गलत रास्ते पर धकेलने का काम कर रहे है। साथ ही मजदूर राजनीति की आड़ में विधायक ढुल्लू महतो को बदनाम करने का काम किया जा रहा है। जिससे आहत होकर कार्यरत मजदूरों ने पूर्व मंत्री का पुतला फूंकने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वाशरी निर्माण कार्य में जितने भी मजदूर कार्य कर रहे हैं वह सभी स्थानीय मजदूर हैं जो विधायक ढुल्लू महतो के सहयोग से रोजगार कर रहे हैं। बावजूद पूर्व मंत्री द्वारा युवाओं के बीच गलत जानकारी देकर भटकाने का काम किया जा रहा है। मुखिया ने कहा कि संयुक्त मोर्चा द्वारा आहूत 23 अप्रेल का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होता है तो कोई परेशानी नहीं है। अगर मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया जाएगा। मौके पर बच्चन महतो, सुरेश महतो, बिरजू महतो, तुलसी महतो, पिंटु महतो, बंधु महतो, अशोक महतो, संजीत महतो, सुभाष महतो, रोहित महतो, दीपनारायण महतो, खानु महतो आदि मजदूर शामिल थे।