खसरा बीमारी को जड़ से मिटाने के लिए रुबेला टीकाकरण 26 से
भारत सरकार ने 2020 तक पूरे देश से खसरा बीमारी को जड़ से मिटाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसे लेकर सरकार द्वारा झारखंड में मिजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान की शुरुआत आगामी 26 जून से किए जाने का निर्णय लिया गया है। उक्त बातें बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र बाघमारा स्थित सभागार कक्ष में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डाॅ सौम्यदीप चटर्जी ने कहीं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ विभाग को कोर कमेटी गठन किए जाने का निर्देश दिया गया है। कमेटी में बीडीओ, सीडीपीओ, चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्र के मौलाना, आचार्य, सामाजिक संस्था तथा डब्ल्यूएचओ के कार्यक्रम में कदम से कदम मिलाकर चलने वाले लायंस क्लब के सदस्य शामिल रहेंगे। उक्त कमेटी के माध्यम से ही लोगों को जागरूक करने के साथ साथ अभियान को सफल बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 जून से शुरुआत हो रहे उक्त अभियान के तहत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को प्रोजेक्टर के माध्यम से टीकाकरण के फायदे की विस्तृत जानकारी दिया गया। बैठक के दौरान कुछ झोलाछाप डॉक्टरों की उपस्थिति चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने कहा कि एक तरफ स्वस्थ विभाग द्वारा झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ छापामारी कर कई क्लीनिकों को बंद कर कार्रवाई करने का काम किया जा रहा है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण के बहाने बैठक आयोजित कर नजदीकियां बढ़ाने का काम किया जा रहा है। हालांकि मामले को लेकर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनीष कुमार ने कहा कि सामाजिक संस्था तथा क्लब से जुड़े रहने के कारण वैसे लोग बैठक में शामिल हुए। मौके पर प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया, बीडीओ रिंकू कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ मनीष कुमार, बीईओ महावीर पासवान, लायंस क्लब के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, डाॅ कुमार सौरभ, डाॅ मनोज सिंह उपस्थित थे।