युवक-युवती के दो अलग-अलग मामले को लेकर शनिवार को बाघमारा तथा बरोरा थाना क्षेत्र में जमकर ड्रामा चलता रहा। हालांकि किसी भी मामले में पुलिस से लिखित शिकायत नहीं की गई है। पहली घटना बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध की है। लोयाबाद थाना क्षेत्र का युवक बरोरा थाना क्षेत्र के गणेशपुर की युवती से शादी करने के लिए माथाबांध ग्राउंड स्थित मंदिर पहुंच गया। युवक तथा युवती को मंदिर में देख आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए। जानकारी पाकर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंचे और युवक को फटकार लगाते हुए युवती को समझा बुझाकर घर ले गए। वहीं बाघमारा थाना क्षेत्र के माटीगढ़ कॉलोनी में युवक तथा युवती को ग्रामीणों ने बंद कमरे से पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा जमकर हंगामा किया गया। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने बाघमारा पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक तथा युवती को पकड़ कर थाना ले आई। जहां युवती ने युवक के साथ किसी भी तरह का संबंध होने से इंकार कर दिया।