धनबाद के बलियापुर (सिंदरी) में 25 मई को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसे लेकर रविवार को प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आहूत बैठक में उपायुक्त ए दोड्डे ने पंचायत प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश देते हुए कार्यक्रम में भीड़ जुटाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रखंड से दस हजार लोगों की भागेदारी का लक्ष्य रखा गया है। ऐसी स्थिति में प्रखंड तथा जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था का लाभ उठाते हुए सभी मुखिया अपनी पंचायत के आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, पोषण सखी, स्वास्थ्य विभाग की सहिया, पीएचईडी से जल सहिया सहित अन्य लोग निर्धारित अवधि में कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सभा को सफल बनाएंगे। मौके पर बीडीओ रिंकू कुमारी, बीईओ कमल किशोर राणा, महावीर पासवान, सीडीपीओ अल्पना कुमारी, मुखिया गोपाल महतो, छोटेलाल महतो, ललिता देवी, नम्रता सिंह, नरेश प्रसाद गुप्ता, अनिता देवी, जीतन भुइयां, सुलोचना देवी आदि थे।