पानी बहाव क्षेत्र में सीसी सड़क नहीं बनाने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर काम रुकवाया
मणकसास से बाघोली सड़क पर चल रहे डामरीकरण व सीसी सड़क कार्य के दौरान पीडब्ल्यूडी की ओर से नदी बस स्टैंड पर 100 मीटर पानी बहाव क्षेत्र में सीसी सड़क नहीं बनाने पर ग्रामीणों ने वहां काम कर रहे ठेकेदार को रोक दिया। ग्रामीणों ने सीसी सड़क बनाने को कहा तो ठेकेदार ने कहा कि सीसी सड़क बनाने का बजट नहीं है। इस पर ग्रामीणों ने नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार व विभाग के अधिकारियों ने बस स्टैंड पर पानी बहाव क्षेत्र में सीसी सड़क बनाने की बात कही थी, अब वहां डामर डाल रहे हैं। बारिश में पानी आने पर यह हिस्सा फिर बह जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक पीडब्ल्यूडी बस स्टैंड पर पापड़ा मोड़ तक सीसी सड़क नहीं बनाएगा, काम नहीं करने देंगे। डामर की सड़क भी मापदंड के अनुसार नहीं बनाई जा रही है। उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर जांच की मांग की जाएगी। ठेकेदार दलीप सिंह ने कहा कि हमारे पास सीसी सड़क जितने क्षेत्र में बनाने की आदेश था, उतने में बना दी, विभाग अलग से बजट भेज देगा तो और बना देंगे। फिलहाल सड़क बनाने का काम रोक दिया गया है।
सीसी सड़क नहीं बनाने पर विरोध जताते ग्रामीण।
किसान संघर्ष समिति ने की बिजली एईएन कार्यालय खुलवाने की मांग
चंवरा | चौफुल्या में बिजली एईएन कार्यालय खुलवाने को लेकर मंगलवार को किसान संघर्ष समिति की बैठक मूलचन्द खरींटा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 24 मई को होनी वाले सभा के लिए रणनीति तैयार की गई। किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष नत्थूराम सैनी ने बताया कि गांव-गांव में लोगों से सम्पर्क कर चंवरा एईएन कार्यालय खुलवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मंगलवार को गढ़ला, मैनपुरा के किसानों से जनसंपर्क कर सभा में आने के लिए पीले चावल बांटे। इस दौरान छोटूराम, बोदूराम, किशनलाल, शिवपाल, चौथमल, राकेश, रामजीलाल आदि मौजूद थे।