पिछले साल जिलेभर में भाजपा के ग्रामीण मंडलों की ओर से करवाई गई मंडल वार कबड्डी प्रतियोगिताओं में से इस क्षेत्र के पांच ग्रामीण मंडलों में कराई गई प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
खिलाड़ियों का कहना है कि ग्रामीण मंडलों की ओर से विजेता टीम को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की थी लेकिन एक सप्ताह पहले आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पांच हजार रुपए देकर इतिश्री कर ली गई। इसके विरोध में रविवार को खिलाड़ियों ने यहां के नदी बस स्टैंड पर नारेबाजी कर विधायक का पुतला जलाया। इस बारे में मंडल अध्यक्ष का कहना है कि विधायक ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की थी। यह आयोजन संगठन स्तर पर हुआ था।
रविवार को पुतला जलाने वाले खिलाड़ियों ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय कबड्डी प्रतियोगिता की शुरुआत के दौरान 8 अक्टूबर, 2017 को घोषणा की गई थी कि विजेता टीम को 21000 रुपए देंगे। पांचों मंडलों में हुई प्रतियोगिताओं का समापन गुढ़ागौड़जी में 29 अक्टूबर को हुआ। इसके बाद इस साल 13 मई को रामनगर में आयोजित एक समारोह में विजेता खिलाड़ियों का बुलाया गया तथा उन्हें पांच-पांच हजार रुपए व एक टी-शर्ट दी गई। खिलाड़ियों ने याद दिलाया कि विजेता टीम को 21 हजार रुपए दिए जाने थे। कम रुपए देने पर उन्होंने पांच-पांच हजार रुपए और टी शर्ट वापस लौटा दी। रविवार को नदी बस स्टैंड पर इन खिलाड़ियों में से कुछ खिलाड़ियों ने विधायक शुभकरण चौधरी का पुतला जलाया तथा विरोध जताया।
बाघोली. नदी बस स्टैंड पर विधायक का पुतला जलाते कबड्डी खिलाड़ी व ग्रामीण।
मंडल अध्यक्ष ने कहा-संगठन स्तर पर हुई थी प्रतियोगिता
भाजपा के चंवरा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जतन किशोर सैनी बाघोली ने बताया कि भाजपा संगठन द्वारा सभी मंडलों को बताया गया था कि प. दीनदयाल उपाध्याय कबड्डी प्रतियोगिता बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक होगी। अंतर मंडल स्तर पर विजेता को 21000 रुपए दिए जाएंगे। चंवरा मंडल की टीम अंतर मंडल में गुढ़ागौड़जी खेलने गई तो वहां पराजित हो गई थी। मंडल स्तर पर जो टीम विजेता रही वह भी इसी गांव की थी। पिछले दिनों गांव में सांसद व विधायक का कार्यक्रम बना तो मेरे निवेदन पर विधायक चौधरी ने इन खिलाड़ियों का हौसला बनाए रखने के लिए अंतर मंडल हारने के बाद भी 5000 इनाम में दिए। कबड्डी प्रतियोगिता की टी-शर्ट दी। इस प्रतियोगिता से विधायक का कोई लेना देना नहीं है। प्रतियोगिता संगठन स्तर पर आयोजित की गई थी। खिलाड़ियों को ईनाम देने से पहले बता दिया गया था लेकिन कुछ खिलाड़ी राजनीति के चक्कर में आकर विरोध कर रहे हैं। विरोध जताने वालों में इराद मोहम्मद, अंकित शेखावत, राजेन्द्र प्रसाद सैनी, सन्नी सिंह, उपेन्द्र सिंह, मोहम्मद मुश्ताक, राहुल सिंह, राजवीर सिंह, भैरू सिंह, बबलू मोहम्मद सहित अनेक लोग थे।