बागली में तेज हवा के साथ बारिश हुई, मंडी में भीगा गेहूं
बुधवार दोपहर बाद नगर सहित क्षेत्र में हवा के साथ 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। जिसमें सड़कों पर पानी बह निकला। स्थानीय कृषि उपज मंडी में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया गेहूं जो कि टीन शेड के बाहर रखा था, का कुछ हिस्सा भीग गया। वहीं किसान भी ट्रैक्टर ट्राॅलियों में रखी अपनी उपज बारिश से बचाने की जुगत में लगे नजर आए। किसान अपनी उपज को तिरपाल से ढांकने का प्रयास करते रहे।
बुधवार को भी उन किसानों की उपज की तुलाई हुई जो कि मंगलवार को अपनी उपज की तुलाई नहीं करवा सके थे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे गर्मी की तपन से छुटकारा मिला। उधर कृषि क्षेत्रों में किसान प्याज की फसल को लेकर चिंतित नजर आए। जिन किसानों के प्याज की खुदाई हो चुकी है वे अपनी उपज को बारिश से बचाने का प्रयास करने का प्रयास करते रहे।