कार्रवाई में इंदौर से एएसपी सहित तीन सीएसपी, पांच थानों के टीआई और 100 से अिधक पुलिसकर्मी थे शामिल
भास्कर संवाददाता | बागली
रविवार तड़के इंदौर पुलिस ने बागली अनुभाग के हाटपिपल्या थाना क्षेत्र के कंजर बाहुल्य ग्राम धानीघाटी में दबिश दी। इंदौर के तीन से अधिक थाना क्षेत्रों में ट्रक कटिंग और बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर इंदौर पुलिस जांच करते हुए धानीघाटी तक पहुंची थी। कार्रवाई में एएसपी सहित 3 सीएसपी व 5 थानों के टीआई समेत 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। दबिश के दौरान संदेह के आधार पर 4 कंजरों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 8 बाइक जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार इंदौर के लसूड़िया, तेजाजी नगर व कनाड़िया थाना क्षेत्रों सहित शहर के अन्य हिस्सों में ट्रक कटिंग, नकबजनी व बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद इंदौर का पुलिस महकमा सक्रिय था। लगातार हो रही घटनाओं में पीड़ितों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा था। जिस कारण मुखबिर भी सक्रिय थे और पुलिस भी सुरागशी कर रही थी। जिसमें बार-बार कंजरों के शामिल होने की बात सामने आ रही थी। इंदौर में पदस्थ सीएसपी हरीश मोटवानी हाटपिपल्या थाने पर टीआई और बागली अनुभाग में एसडीओपी के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। इसलिए उन्होंने भी अपने सूत्रों का प्रयोग किया। जानकारियां एकत्र होने के बाद डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्रा ने एएसपी प्रशांत चौबे को दबिश का जिम्मा दिया जिसमें सीएसपी मोटवानी को भी शामिल किया गया। क्षेत्रीय सहायता के लिए हाटपिपल्या टीआई बीएस गोरे को भी बुलाया गया। दल ने तड़के लगभग 4 बजे धानीघाटी में दबिश दी। जिससे ग्राम में हड़कंप मच गया। कुछ कंजर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग भी निकले। अधिकांश पुलिस की घेराबंदी नहीं तोड़ सके। दल ने 4 कंजरों को शंका के आधार पर गिरफ्तार किया और 8 बाइक भी जब्त की।
इंदौर पुलिस की दबिश : डॉ. प्रशांत चौबे एडीशनल एसपी इंदौर के नेतृत्व में 3 सीएसपी, 5 थानों के टीआई सहित 100 से अधिक बल ने रातभर सर्चिंग की।
सूत्रों के हवाले से कुछ संदिग्धों को लिया हिरासत में व मोटर साइकलें भी जब्त की है।
सूत्रों के अनुसार दो माह पूर्व भी पुलिस ने दबिश दी थी लेकिन धानीघाटी में एक कंजर के घर विवाह होने से बहुत भगदड़ मच गई थी। महिलाएं व पुरुष सड़क पर पुलिस के खिलाफ आ गए थे। मामला बिगड़ता देख पुलिस बेरंग लौट गई थी।