सीसी रोड बनने के दूसरे दिन ही आई दरारें
बाड़ा पदमपुरा|आदर्श ग्राम पंचायत बाड़ा पदमपुरा मुख्य बाजार में जेडीए द्वारा दो करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही सीसी सड़क में बनने के दूसरे दिन ही दरारे आ गई।ठेकेदार ने मामले को दबाने के लिए रोड के ऊपर मिट्टी डलवाकर पानी भरवा दिया जिससे दरारें दिखाई ना दे। जेडीए जेईएन मनोज मीना व एक्सईएन राजेन्द्र शर्मा को सूचना मिलने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने जेड़ीए व ठेकेदार पर घटिया निर्माण सामग्री काम में लेने का आरोप लगाते हुए बताया कि मुख्य बाजार में बनाई जा रही सीसी मापदंडों के विपरीत बनाई जा रही है। बनी हुई सड़क पर तराई भी नहीं की जा रही हैं, और ना ही निर्माण कार्य स्थल पर बेरिकेड्स लगाए गए है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने सीसी सड़क में काम ली गई सामग्री की जांच करवाकर ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग की। पदमपुरा सरपंच अर्जुन लाल मीणा ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि रोड पर दरारें आने की सूचना आज ही मिली है, मौके पर जाकर ठेकेदार से कहकर सही बनवाई जाएगी। एक्सएईएन राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सीसी सड़क में दरारें आने की सूचना मिली हैं। मैंने मौके पर जेईएन व प्लांट कर्मचारी को भेजा हैं। प्रथम दृष्टया तापमान की वजह से सड़क में दरारें आने की संभावना है, फिर भी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जेडीए जेईएन मनोज मीना ने बताया कि सीसी सड़क को मौके पर जाकर देखा हैं, दरारें तापमान के कारण आई है, फिर भी काम में ली गई सामग्री की लैब में जांच करवाई जाएगी एवं 28 दिन तक देखा जाएगा अगर दरांरे बढ़ती है तो रोड को हटवाकर दूसरी बनवा दी जाएगी।
बगरु. मंडोर में 2 माह पूर्व बनी गौरव पथ क्षतिग्रस्त।
दो माह पूर्व बना गौरव पथ क्षतिग्रस्त
बगरू|निकटवर्ती मंडोर गांव में दो माह पूर्व निर्मित गौरव पथ मात्र दो माह में क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में रोष है। रामकिशोर मीणा, छगन लाल यादव, रामफूल गुर्जर, भगवान सहाय, लखन, दिनेश, रामप्रसाद व गिर्राज आदि ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व गांव का गौरव बढ़ाने के लिए गौरव पथ का निर्माण किया गया था। मगर ठेकेदारों की लापरवाही व घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने के कारण मात्र दो माह में ही गौरव पथ जगह- जगह से क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क के किनारों पर नालियों का निर्माण चल रहा है जो निर्माण पूर्ण होने से पूर्व ही टूटने लगी है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है।