भास्कर न्यूज | बहादुरगंज
बहादुरगंज बाजार के बीचों बीच गुजरने वाली सड़क पर स्थित स्टेट बैंक के पास पुल के नीचे गंदगी और दुर्गन्ध इन दिनों नगर पंचायत के स्वच्छता की पोल खोल रही है। पुल के नीचे से फैल रही दुर्गन्ध से आम जनजीवन त्रस्त है।
बाजार का कचरा पुल के नीचे फेंके जाने से सड़न के कारण उससे निकलने वाली दुर्गन्ध से जहां आस-पास के दुकानदार बीमारी के शिकार हो रहे हैं। वहीं पैदल आवाजाही कर रहे राहगीरों का भी यहां से निकलना दूभर है। वहीं बारिश के मौसम में पुल के नीचे कचरा जमा होने से पानी निकासी में भी दिक्कत होगी।
आक्रोशित दुकानदारों ने बीते दिनों दुर्गन्ध की इस विकराल समस्या के तहत नगर के मुख्य मुख्य पार्षद सहित कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। जिस पर नगर प्रशासन द्वारा सफाई भी कराई गई थी जो कुछ ही दिनों तक लोगों को राहत दे पायी।
सफाई के नाम पर खर्च होते हैं पांच लाख रुपये
दुकानदारों में सोमू सिन्हा, हसीब आलम, नरफुल सिन्हा, अशोक सिन्हा, नरेश सिन्हा, जहांगीर आलम, लोकनाथ सिंह, सुवोध कुमार, मास्टर सुलेमान, मुकुल सिन्हा, सिकंदर आलम, श्रवण कुमार, सोहेल अखतर सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि सफाई के नाम पर नगर पंचायत में लूट मची हुई है। सालाना 5 लाख से अधिक राशि का टेंडर सिर्फ सफाई के नाम पर है। बावजूद नगर प्रशासन लोगों के स्वास्थ्य के प्रति उदासीन है। दुकानदारों ने कहा कि नगर प्रशासन ने यदि कोई ठोस कदम नही उठाया तो आंदोलन के लिये मजबूर होंगे। मालूम हो कि गुनाधार के किनारे बसा कुछ परिवार अपने शौचालय का पाइप भी धार में छोर दिया है।