फुटपाथ दुकानदारों और ऑटो का सड़क पर कब्जा, लगता है जाम
बहादुरगंज के झांसी रानी चौक के आस-पास सहित बिशनपुर रोड में आए दिन हो रही जाम से आम जनजीवन अस्त व्यस्त है। खासकर हाट के दिन हनुमान मंदिर, थाना रोड तथा झांसी रानी चौक से अलीहुसैन चौक पर फुटपाथी दुकानदार सहित ऑटो चालकों का अवैध कब्जा हो जाता है जो जाम का मुख्य कारण बन जाता है। हालांकि बीते कुछ महीनों से जाम की समस्या के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा झांसी रानी चौक पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। बावजूद ऑटो चालकों के आगे पुलिसबल भी बौनी साबित हो रही है। दो की संख्या में तैनात पुलिस के नियंत्रण से बाहर हो जाता है टेम्पो व ठेला चालक।
खासकर हनुमान मंदिर के सामने और थाना रोड में बेतरतीब तरीके से वाहनों के पार्किंग से जाम की भीषण समस्या से लोगों जूझने की नौबत आती है। उधर झांसी रानी चौक से बिशनपुर जाने वाली सड़क पर अलीहुसैन चौक तक हाट के दिन आमलोगों को जाम की विकराल समस्या से जूझना पड़ता है। मामले के तहत जाप के प्रदेश उपाध्यक्ष सह बहादुरगंज कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुसब्बिर आलम ने कहा कि झांसी रानी चौक से अली हुसैन चौक तक हाट दिवस पर जहां फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा हो जाता है। वहीं बड़े वाहनों के आवाजाही से जाम लग जाती है जिसमें लोग घंटों फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि आये दिन लग रही जाम के प्रति नगर प्रशासन पूरी तरह उदासीन है। जल्द ही जाम की समस्या से लोगों को निजाद नहीं मिली तो आंदोलन की रूप रेखा तैयार की जायेगी।
बहादुरगंज के मुख्य सड़क पर लगा जाम।
नहीं है एक भी टेम्पो स्टैंड
नगर प्रशासन द्वारा ठोस पहल के अभाव के कारण बहादुरगंज बाजार में एक भी पार्किंग स्थल नहीं होने से सड़कों पर ही टेम्पो व ठेला बेतरतीब तरीके से खड़ी हो जाती है। वाहनों के चालक एक के समानांतर दूसरी वाहन वाहन खड़ी कर यात्रियों को उठाते हैं। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। बीते दिनों प्रशासनिक पहल के तहत अस्पताल चौक समीप जिला परिषद भवन परिसर में टेम्पो स्टैंड बनाया गया था जहां जिप अध्यक्ष के विरोध पर हटा दिया गया।