सीवरेज लाइन ठप, घरों के आगे भरा दूषित पानी
वार्ड 22 की महाबीर पार्क कॉलोनी में दूषित पानी की निकासी की व्यवस्था ठप पड़ी है। यहां गली नंबर 3 की स्थिति यह हो गई है कि इसमें गली के मुहाने से लेकर अंतिम छोर व उसके साथ लगती अप्रोच गलियों में दूषित पानी घरों की दहलीज के आगे तक भर गया है। जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है। यहां रहने वाले लोगों व स्कूली बच्चों को भी दूषित पानी के बीच से ही होकर जाना पड़ रहा है।
जलभराव होने से बीमारियां फैलने का अंदेशा
महाबीर पार्क कॉलोनी जो कि काफी पुरानी आवासीय कॉलोनी है। यहां पर आबादी भी खूब है, लेकिन जनसुविधाओं की भारी दरकार यहां लोगों का खल रही है। न तो यहां पर दूषित पानी की समस्या का स्थायी निदान हो पा रहा है और न ही साफ-सफाई सही से हो रही। सबसे ज्यादा परेशानी तो सीवरेज लाइन बदहाली के चलते लोगों को उठानी पड़ रही है। सीवरेज लाइन ठप पड़ी होने के कारण पानी की निकासी न होने से दूषित पानी चैंबरों से ओवर फ्लो होकर आसपास ही भर रहा है। जिससे दिनभर दुर्गंध भी उठती रहती है। यही नहीं दुकानदारों का कार्य भी गंदे पानी के चलते प्रभावित रहा। यहां के निवासियों हंसराज, सत्यवान, मनोज, सोमबीर, राजेश के अलावा कई अन्य ने कहा कि कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को यहां की समस्याओं को लेकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई भी उचित समाधान अभी तक नहीं हुआ है। बिना बरसाती सीजन में ही उनकी गलियां पानी से लबालब नजर आती है। इसके पीछे कारण यह है कि उनकी कॉलोनी के दूषित पानी की निकासी के लिए बिछाई हुई सीवरेज लाइन लंबे समय से साफ-सफाई के अभाव व अधिकारियों की अनदेखी के चलते ठप पड़ी है। जिससे पानी ओवर फ्लो होकर गली व लोगों के घरों के बाहर भर रहा है।