सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के 13 दिन से फैली गंदगी की सफाई करवाने के लिए नगर परिषद ने नई कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। रविवार को डीसी के आदेश के बाद सोमवार को नगर परिषद ने डीसी रेट पर 150 नए सफाई कर्मचारी भर्ती करने का काम शुरू क दिया। सोमवार को शहर से ही 45 युवक सफाई कर्मचारी के रूप में भर्ती हुए। अब मंगलवार को 105 अन्य सफाई कर्मचारी भर्ती करने के लिए आसपास के गांवों में भी सूचना भेजी है। जिससे मंगलवार दोपहर से ही शहर के सभी वार्डों में सफाई कर्मचारी पहुंच जाए व सफाई का काम शुरू कर दे।
31 वार्डों में तैनात होंगे कर्मी
नप के कार्यकारी अधिकारी अपूर्व चौधरी ने बताया कि शहर के 31 वार्डों में पांच- पांच नए सफाई कर्मचारी व दरोगा को तैनात कर दिया गया है। जिससे एक दो दिनों में पुराने सफाई कर्मचारियों के साथ यह नए सफाई कर्मचारी मिलकर शहर को साफ सुथरा बनाने में सहयोग दें। मंगलवार सुबह तक सभी नए सफाई कर्मचारी भर्ती हो जाएंगे व दोपहर तक अपने अपने वार्ड के पार्षद के पास पहुंच जाएंगे। उसके बाद पार्षद की सलाह से वह सफाई का काम करेंगे। शाम को नगर पार्षद से लिखवाकर भी लेंगे कि उन्होंने दिन भर वार्ड में काम किया है।
100 कर्मचारी व 4 ट्रैक्टर-ट्राली करेंगे सफाई
मंगलवार रात को भी सफाई का काम तेज किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने चार ट्रैक्टर-ट्राली व करीब 100 सफाई कर्मचारियों का जत्था भी तैयार किया है। साफ-सफाई का काम एक साथ 31 वार्डों में शुरू होगा। जहां घर-घर से कूड़ा उठाने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उसके लिए लोगों को साथ देने को कहा है। यहीं नहीं प्रशासन सफाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की भी तैयारी कर रहा है। है। रात में सफाई अभियान के दौरान पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए ने एएसपी से सहायता करने को कहा है।
बहादुरगढ़. अपनी मांगों को लेकर थाली बजाकर प्रदर्शन करती महिला सफाई कर्मचारी।
बहादुरगढ़. नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करते सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी।
हड़तालियों का किया समर्थन
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर 22 मई को देश के 742 जिलों मे सभी राज्यों में जिला स्तर पर हड़ताल के प्रति एकजुटता प्रकट करने के लिए प्रदर्शन कियें जायेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के ब्लाक बहादुरगढ़ प्रधान बिजेन्द्र सैनी ने कहा कि हरियाणा के सभी विभागों के कर्मचारियों द्वारा 22 मई को प्रदर्शन किये जाएंगें व सीटू ने भी संयुक्त तौर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर बिजली विभाग से आँल हरियाणा पावर काॅरपोरेशनज वर्कर यूनियन हैड आफिस हिसार रजि. 1308 , राज्य सचिव बंसीलाल, सर्कल सचिव रवीन्द्र दलाल,यूनिट प्रधान दलबीर हुड्डा,वरिष्ठ उप प्रधान बिजेन्द्र सैनी, यूनिट सचिव प्रदीप छिकारा,उप प्रधान वीरभान राठी,सुनील चौपडा़,राकेश,ऋषि प्रकाश,संतलाल,सीनू सिंह,संतराम, मजदूर कल्याण मंच संबधित आल इंडिया युनाइटिड ट्रेड युनियन सेंटर से सतीश,लाल जी, आदि अनेक सामाजिक संगठन व सैकड़ो की संख्या में कर्मचारी दिन रात हड़ताल पर बैठे रहते है इनका समर्थन किया। शहर के सभी इलाकों में बीते 13 दिन से सफाई नहीं हुई है, लेकिन उन इलाकों में अधिक समस्या है जहां कूड़ा भी नहीं उठाया गया है। ऐसे इलाकों में कूड़ा सड़ने लगा है और हवा में भी गंदगी की बदबू घुल गई हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों व प्राइवेट डाॅक्टरों ने भी तुरंत कूड़ा उठाने का सुझाव नगर परिषद प्रशासन को दिया है।
सफाई कर्मचारियों की मांगे पूरी न होने तक
बिजली कर्मी समर्थन में करेंगे आंदोलन
बेरी | ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन की मीटिंग बेरी में हुई। इसमें वक्ताओं ने निर्णय लिया कि नगर पालिका की हड़ताल के समर्थन में 25 मई को सुबह 9 से 11 बजे तक काम बंद करके सभी सब यूनिट प्रदर्शन करेंगी। मीटिंग में राज्य सचिव बंसीलाल ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी मांगों को लेकर 13 दिन से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार न तो अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करना चाहती और न ही समान काम समान वेतन देना चाहती, बल्कि यूनियन से बातचीत विफल होने पर सरकार झूठ बोल कर ऐलान करती है कि सारी बात मान ली और हड़ताल समाप्त हो गई। सर्कल सचिव रवीन्द्र दलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की 87000 पेंशन है। जो कर्मचारी 58-60 साल तक सेवा करते है उसकी पेंशन नाममात्र है। साथ ही कहा कि फायर कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जा रहा है उन्हें वापस नौकरी पर लिया जाए। अगर सरकार नगर पालिका के कर्मचारियों की मांग नहीं मानती है तो प्रदेश का बिजली कर्मी शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर हड़ताल पर जाने को मजबूर होगा। इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। अध्यक्षता यूनिट प्रधान भूपेंद्र यादव और संचालन यूनिट सचिव राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उमेद, सुरेंद्र ,देवेंद्र ,अरविंद ,नरेश, हरेंद्र, चंद्रकांत ,कुलदीप, कर्मवीर, रिंकू सुनील, राकेश, रामनिवास मौजूद थे। बेरी ब्लाॅक प्रधान राकेश दूजाना और यूनिट प्रधान भूपेंद्र यादव ने मांग की कि नई पेंशन स्कीम को बंद पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किए जाने, निजीकरण आउटसोर्स नीति को बंद करने, कच्चे कर्मचारियों को स्क्रिनिंग कमेटी के तहत पक्का किया जाए। जब तक पक्का नहीं किया जाता तब तक सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार समान काम समान वेतन दिया जाए। यूनिट सचिव प्रदीप छिकारा ने कहा कि अस्थायी और स्थायी कर्मचारियों को 5000 रिश्क अलाउंस, सभी अस्थायी कर्मचारियों को सभी प्रकार की छुट्टी, संशोधित भत्ते जनवरी 2016 से लागू कराने, ठेकेदार को बीच से हटाकर अस्थायी कर्मचारियों को सीधे निगम के रेगुलर पर रखने की मांग की।
हड़ताली महिला कर्मचारियों ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन
बहादुरगढ़ | नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 13वें दिन भी जारी रही। सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ व हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले महिला कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार को जगाने के लिए थाली बजाओ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन धरनास्थल से होता हुआ दिल्ली-रोहतक रोड, रेलवे रोड, अनाज मंडी, अग्रवाल कॉलोनी, नाहरा-नाहरी रोड से होते हुए परिषद गेट पर जाकर संपन्न हुआ। प्रदर्शन के दौरान पुरुष कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। वहीं अन्य विभागों से जुड़े कर्मियों ने भी हड़ताली कर्मचारियों की मांगों का पूरा समर्थन करते हुए उनके इस प्रदर्शन में शिरकत की। एसकेएस ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र सैनी ने बताया कि नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं के कर्मचारी 9 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। सरकार ने अभी तक उनकी मांगों को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई है। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति गहरा रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार के तमाम दावों व दमनकारी प्रयासों के बावजूद 10 नगर निगमों,16 परिषदों व 61 पालिकाओं के 30 हजार से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर है। सरकार मांगों का समाधान करके हड़ताल को समाप्त करने की बजाय ओछे हथकंडों पर उतर आई है। सरकार पुलिस के बल पर उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।
कूड़े के ढेर में लगी आग, फायर
ब्रिगेड ने पाया काबू
बहादुरगढ़ | शहर में कूड़े से मुक्ति पाने के लिए लोगों ने कूड़े के ढरों में आग लगाने का सिलसिला शुरू किया है जिसके चलते रविवार को मेन बाजार के एक राजकीय प्राइमरी स्कूल के गेट को भी अाग लग गई थी। जिससे गेट पूरी तरह से नष्ट हो गया। इस तरह की घटनाएं और नहीं हो इसके लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी तैनात कर दिया है जिससे कहीं भी कूड़े के ढेर में आग लगने की खबर आए तो तुरंत उस पर काबू पाया जा सके। सोमवार को सुबह कुछ लोगों ने पुलिया के पास एकत्र कूड़े के बड़े ढेर में आग लगा दी। इस कारण रेलवे रोड पर वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भी सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी खबर फायर ब्रिगेड को मिली तो एक वाहन ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। फायर अधिकारी रविंद्र ने बताया कि जहां जहां भी कूड़ा जलाने की खबर आ रही है वहां वहां वाहन को भेजा जा रहा है। जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हो।