बॉक्सिंग में आदित्य ने जीता स्वर्ण पदक
दिल्ली के समसपुर कलां में हुई बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बहादुरगढ़ में रहने वाले आदित्य भारद्वाज ने अपने प्रतिद्वंदी को कड़े मुकाबले में हराकर गोल्ड अपने नाम किया। विजेता खिलाड़ी का जौहरी नगर में पहुंचने पर कई संस्थाओं से जुड़े सदस्यों, परिजनों अन्य खेल प्रशंसकों ने स्वागत किया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
दिल्ली के जीएसएफ स्पोर्ट्स अकादमी में 12 से 15 अप्रैल तक कई भार वर्गों में प्रतियोगिता हुई। इसमें दिल्ली, हरियाणा के अलावा अन्य दूर-दराज से आए हुए बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने भाग लिया। 48 किलोग्राम भारवर्ग में गांव मोई हुड्डा व हाल बहादुरगढ़ निवासी आदित्य भारद्वाज ने अपने प्रतिद्वंदी को हराकर गोल्ड पर कब्जा किया। विजेता खिलाड़ी को आयोजकों की ओर से सम्मान भी किया गया। उधर 4 दिवसीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मेडल जीतकर लौटने वाले खिलाड़ी आदित्य का लाइन पार के जौहरी नगर में पहुंचने पर सम्मान किया गया। श्री श्याम रंगीला मित्र मंडल के प्रधान काके शर्मा के अलावा योगेंद्र, राजेंद्र, नीटू, मोंटी, गोलू, किरण, चंद्रकला, सुमिता, संतोष व कई अन्य ने अभिनंदन किया और विजेता खिलाड़ी की हौसला अफजाई करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया।
बहादुरगढ़. जौहरी नगर में पहुंचने पर खिलाड़ी आदित्य का स्वागत करते लोग।
मॉडर्न स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते पदक
बहादुरगढ़ | हरियाणा स्टेट स्कूल गेम्स डेवलपमेंट फाउंडेशन बॉक्सिंग चैंपियनशिप सोनीपत के गन्नौर में हुई। इसमें बहादुरगढ़ के मॉडर्न सीनियर सेकंडरी स्कूल की छात्रा गीतू ने गोल्ड मेडल व निकिता भारद्वाज ने रजत पदक जीता। वहीं, आशीष ने गोल्ड मेडल जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ियों का स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया गया। स्कूल संचालक राकेश कोच ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर उचित ध्यान दिया जाता है। यही नहीं, शिक्षा के साथ-साथ खेल व अन्य स्पर्धाओं में भी आगे बढ़ने के लिए उन्हें प्रेरित किया जाता रहता है।