सेक्टरों की बदहाल सड़कों को 14 करोड़ रुपए से मिलेगा नया स्वरुप
बहादुरगढ़ | शहर के सात सेक्टरों में पुरानी सड़कों के सुधारीकरण कार्य के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पेशल मरम्मत की मंजूरी दी है। विधायक नरेश कौशिक ने बताया कि बहादुरगढ़ में 7 सेक्टरों के लिए 14 करोड़ रुपए जर्जर सड़क के सुधार पर खर्च किए जाएंगे। सीएम ने प्रदेश के 20 शहरों के 163 सेक्टरों की विभिन्न सड़कों की स्पेशल मरम्मत के लिए 265 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। जल्द ही विभागीय टेंडर प्रक्रिया होने के बाद सड़कों की मरम्मत शुरू हो जाएगी। लोगों को भी गड्ढों से राहत मिलेगी।
विधायक कौशिक ने शुक्रवार को रेस्ट हाउस में क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक करते कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से शहरी स्थानीय निकाय विभाग को स्थानांतरित हुए शहर के सात सेक्टरों में बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने की जो स्वीकृति प्रदान की गई है वह सेक्टरवासियों के लिए लाभप्रद कदम है। उन्होंने बताया कि शहर के सेक्टरवासियों ने सड़कों की हालत के बारे में उन्हें बताया था। इसके बाद उन्होंने सीएम और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के समक्ष मांग रखी थी। सीएम ने मांग को प्राथमिकता से रखते हुए सड़कों के सुधारीकरण के लिए स्पेशल मरम्मत काे फंड मंजूर किया है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-6 में भी सड़कों का नवीनीकरण कार्य चल रहा है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए वे पूरी तरह सजग हैं। शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पंचायती राज विभाग के माध्यम से ग्रामीणों को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।