चौराहों पर रेड लाइट सिग्नल शुरू पहले दिन असमंजस में रहे चालक
बहादुरगढ़. ट्रैफिक लाइटों के ट्रायल के दौरान झज्जर चौक पर लगा लम्बा जाम।
भास्कर न्यूज | बहादुरगढ़
लम्बे इंतजार के बाद शुक्रवार को शहर के विभिन्न चौराहों पर लगाई गई ट्रैफिक लाइटों का ट्रायल शुरू हो गया है। कुछ जगह वाहन चालक लाइट के संकेत पर रुके, लेकिन कुछ जगह उन्हें समझ ही नहीं आया कि रेड लाइट सिंगनल पर रुकना है या नहीं। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की टीम भी तैनात थी, लेकिन उन्होंने ट्रायल के चलते किसी का चालान नहीं काटा। ऐसे में पहले दिन वाहन चालक रेड लाइट नियमों के पालन को लेकर असमंजस में दिखे।
भीड़भाड़ और जाम से निपटने के लिए नगर परिषद ने शहर के प्रमुख चौराहों पर रेड लाइट लगाई थी, लेकिन कई माह से ये रेड लाइट शो पीस बनी थी। इनमें टाइमिंग सेट नहीं किया था। ऐसे में ये चालू नहीं हो पाई। ट्रैफिक पुलिस ने नगर परिषद को टाइम सेट के लिए लिखा। इसके बाद इंजीनियर को बुलाकर इन्हें ठीक कराया गया। शुक्रवार से झज्जर मोड़ चौराहा, रेलवे रोड, नाहरा नाहरी रोड के अलावा दिल्ली-रोहतक पर लगी ट्रैफिक लाइटें चालू हो गई। दिल्ली-रोहतक रोड पर अनेक वाहन चालकों ने रेड लाइट संकेत पर चालान कटने के भय से पहले ही अपने वाहनों के ब्रेक लगा दिए। वहीं, अनेक वाहन चालक मनमर्जी करते भी दिखाई दिए। उन्होंने रेड लाइट होने के बाद भी वाहनों को यहां निकाला।
ट्रैफिक लाइट टेस्टिंग के लिए चालू की गई हैं। यदि व्यवस्था ठीक रहती है तो इसे निरंतर चालू कर दिया जाएगा। पुलिस का मकसद लोगों को जाम से राहत दिलाना है। अशोक कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी