क्लीन एंड ग्रीन एसोसिएशन द्वारा लगातार सफाई अभियान, पौधरोपण व डेंगू रोकथाम को लेकर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस बार संस्था द्वारा बहादुरगढ़ वासियों के साथ मिलकर पर्यावरण की रक्षा व प्रदूषण से लोगों को काफी हद तक राहत दिलाने के लिए 500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से 150 से ज्यादा पौधे विभिन्न जगहों पर अभी तक लगाए भी जा चुके हैं।
इसी मुहीम के अंतर्गत संस्था द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को एक पत्र सौंपा गया। जिसमें सभी स्कूल के विद्यार्थियों को होमवर्क के रूप में एक पेड़ सपरिवार लगाए जाने का आह्वान भी किया है। पेड़ लगाने के बाद उसकी फोटो होमवर्क कॉपी में चिपकाए जिससे हमारा पर्यावरण हरा भरा हो सके।
एक परिवार एक पौधा अवश्य लगाए
बीईओ मदन चोपड़ा भी पर्यावरण शुद्धता को ध्यान रखते हुए संस्था के इस प्रयास को सार्थक बताते नजर आए। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि सभी सरकारी स्कूलों के प्रत्येक विद्यार्थी से आह्वान किया है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चे अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर अपने घर, आसपास के क्षेत्र में एक पेड़ जरूर लगाए और उसकी समय-समय पर उचित देखभाल भी करें। संस्था द्वारा अनेक प्राइवेट स्कूलों से भी इसमें पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
संस्था की तरफ से प्रतिदिन अनेक स्कूलों का दौरा किया जा रहा है। सभी स्कूलों का इस मुहीम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। बच्चें भी खुश हो रहे हैं कि इस बार होमवर्क में कुछ नया करने को मिल रहा है। अगर पूरे बहादुरगढ़ के सभी स्कूल इस मुहीम का साथ दें तो डेढ़ लाख से ज्यादा पौधे एक महीने के अंदर लगाए जाएंगे।
बर्थ-डे पर लगाएं पौधा
इसके साथ साथ स्कूल संचालकों से ये भी आग्रह किया है कि वो सभी बच्चों को जन्मदिन पर, किसी त्योहार पर, किसी उत्सव पर, पौधे रोपित करने के लिए प्रेरित करें। क्योंकि पौधे रोपित करने से जहां पर्यावरण हरा भरा होगा तो वहीं शुद्ध वायु भी मिलेगी।
बहादुरगढ़. क्लीन एंड ग्रीन एसोसिएशन पौधा भेंट करते हुए।