झज्जर रोड गलेक्सी होटल के पीछे स्थित टाटा फ्लैट्स के सर्विस गोदाम में गुरुवार दोपहर को आग लगने से वहां रखा लाखों रुपए का सेनेटरी का सामान जल गया। आग का पता उस समय लगा जब खुले में पड़े प्लास्टिक के पाइप से धुआं उठता दिखाई दिया। तुरंत कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया।फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गोदाम की सीट्स को तोड़ा और अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। 2 घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर अधिकारियों ने बताया कि इस सर्विस स्टेशन में टाटा कंपनी द्वारा बनाए जा रहे फ्लैट्स में इस्तेमाल होने वाला पाइप्स व सेनेटरी का सामान रखा हुआ था। जिसे फ्लैट्स के शौचालय व रसोईघर में लगाया जाना था। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैली। रही-सही कसर तेज हवाओं ने पूरी कर दी। जिसके चलते साथ सटे दूसरे स्टोर तक भी आग पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने सबसे पहले बचे हुए स्टोरेज को काबू किया और उसके बाद आग की चपेट में आए स्टोर में आग बुझाने का सिलसिला शुरू हो पाया। फायर ब्रिगेड को घटनास्थल पर पहुंचने में 20 से 25 मिनट का समय लगा। 3 गाडिय़ों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
बहादुरगढ़. आग लगने से सेनेटरी का सामान जल कर नष्ट हुआ।