बहादुरगढ़ | नवनिर्मित लघु सचिवालय परिसर में जलपान की सुविधा तथा सुव्यवस्थित ढंग से वाहनों की पार्किंग के लिए कैंटीन व वाहन पार्किंग के लिए खुली नीलामी होने जा रही है। 30 मई को होने वाली नीलामी में इच्छुक बोली दाताओं से आह्वान किया। एसडीएम जगनिवास ने इस संदर्भ में विस्तार से खुली नीलामी के बारे में बताया कि अवयस्क के अलावा मानसिक रूप से स्वस्थ कोई भी व्यक्ति इस खुली नीलामी में भाग ले सकता है। यदि कोई अन्य व्यक्ति की तरफ से बोली देना चाहे तो उसे वैध प्राधिकार पत्र या मुख्तयारनामा प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि बोली दाता को रिहायशी प्रमाण-पत्र बोली देने से पहले भी प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद डीसी की ओर से गठित कमेटी का निर्णय अंतिम तथा मान्य होगा। एसडीएम ने बताया कि कोई भी पुराना बकायादार या अन्य वित्तीय संस्था व बिजली निगम आदि का बकायादार बोली में हिस्सा नहीं ले सकता। जलपान कैंटीन व पार्किंग क्षेत्र की सफाई का प्रबंध भी अपने स्तर पर सफल बोलीदाता को करना होगा।