विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति मुहैया कराने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पूरी गंभीरता बरती जाए और शेड्यूल के तहत पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विधायक कौशिक शुक्रवार को शहर के मुख्य जलघर का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने जलघर परिसर के टैंक का भी दौरा करते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता टैंकों में भरवाने के आदेश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
विधायक कौशिक ने कहा कि हलके के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए समय रहते जागरूक होकर ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने जलघर के टैंक में पानी पहुंचाने की प्रक्रिया को देखते हुए सफाई व्यवस्था को बनाए रखते हुए जलघर के टैंक नियमित तौर पर भरवाने के दिशा-निर्देश दिए।
सिंचाई व बिजली निगम जलघरों में पानी पहुंचाने में अहम
विधायक कौशिक ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के साथ ही सिंचाई व बिजली निगम का भी सहयोग जलघरों के टैंक तक पानी पहुंचाने में अहम है, ऐसे में सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत करते हुए शहर में की जा रही आपूर्ति के शेड्यूल के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि शहरी क्षेत्र के किसी भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही जहां कहीं भी पानी आपूर्ति में किसी भी रूप से बाधा आती है तो उसे तुरंत प्रभाव से दुरूस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि लोगों को सरकार की ओर से प्रदत्त सेवाओं व सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार समान विकास की विचारधारा के साथ कार्य कर रही है और हर आमजन मानस को लाभांवित करते हुए सरकारी योजनाओं व सेवाओं का क्रियान्वयन किया जाए।