बहादुरगढ़ | शहर के पटेल नगर स्थित एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा के बच्चे के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। छात्र के सही से चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है। उसे इलाज के लिए ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में ले जाया गया। थाना शहर पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर स्कूल के हिंदी शिक्षक के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड एक्ट व आईपीसी की धारा 323 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। शिकायतकर्ता मॉडल टाउन निवासी जयवीर सैनी ने बताया कि उसका बेटा पटेल नगर स्थित एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। 18 मई को उसके बेटे के साथ स्कूल के ही हिंदी शिक्षक ने कमर में जोर से कई मुक्के मारे। जिससे उसको चलते-फिरते व उठते-बैठते वक्त भी दर्द हो रहा है। स्कूल में मारपीट के बाद से ही बच्चा मानसिक तनाव से गुजर रहा है। यहां तक कि दर्द के चलते वह सही से सो तक नहीं पा रहा। जयवीर के अनुसार बच्चे को इलाज के लिए ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने जांच के दौरान उसकी मांसपेशियों में चोटें आने की बात कही। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक से मांगा जवाब
सेक्टर-6 चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर शिक्षक श्यामवीर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर गहन छानबीन की जा रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी संबंधित शिक्षक से लिखित में जवाब मांगा है। उधर शिक्षक श्यामवीर का कहना है कि उन्होंने बच्चे को कोई मुक्के नहीं मारे बल्कि शरारत करने पर उसे डांटा था।