अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों व शहर में हाईवे पर कूड़ा उठा रहे नगर परिषद के सफाई कर्मचारियोंं में उस समय विवाद पैदा हो गया जब हड़ताली कर्मचारियों ने झज्जर प्रदर्शन से वापस आते समय नप के सफाई व ठेकेदार के कर्मचारियो को काम करते देखा। इस पर कुछ हड़ताली महिला कर्मचारियों ने सफाई का काम रुकवा दिया व जेसीबी से वापस भेज दिया। इस मामले में जेसीबी संचालक व अन्य कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी हुई पर अन्य कर्मचारियों की यूनियनों के सदस्यों ने बीच-बचाव करके मामले को बढ़ने से रोक दिया। इस बीच ठेकेदार के कर्मचारी सुरक्षा के लिए थाने पहुंच गए।
दोनों पक्षों को समझाया
विवाद की खबर लगते ही नप के ईओ अपूर्व चौधरी भी थाने में पहुंच गए। दोनों पक्षों द्वारा अपनी-अपनी बात रखने के बाद इस मामले में मौखिक समझौता हो गया। पर शाम को नप कर्मचारियों ने बिना सुरक्षा के काम नहीं करने की बात कहीं तो नप ने सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा दिलाने का आश्वासन दिया है। अपूर्व चौधरी ने कहा कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है अब वे विवाद नहीं करेंगे। वहीं नप की जेसीबी व ट्रैक्टर- ट्रालियों के साथ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बने इसके लिए उच्च अधिकारियों के संज्ञान में इस घटना को लाया गया है।
बहादुरगढ़. हड़तालियों को ईओ अपूर्व चौधरी समझाते हुए।
कूड़े के ढेर में लगी आग से स्कूल का दरवाजा जला
बहादुरगढ़ | नगर परिषद में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के परिणाम अब लोगो को भुगतने पड़ रहे हैं। लगातार लग रहे कूड़े के ढेरो में अब आग लगाने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को मेन बाज़ार स्थित प्राइमरी स्कूल के पास लगे कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। जिसके चलते आग की लपटों में आकर स्कूल का आधा दरवाजा भी जल गया गनीमत यह रही की स्कूल का ये कमरा जर्जर होने के कारण पहले से ही बंद था। रविवार होने के कारण स्कूल की छुट्टी थी नहीं तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। जगह जगह लगे कूड़े के ढेरों से वातावरण दूषित हो रहा है। ऐसे में लोगो को अब बीमारियां फैलने का खतरा लगने लगा है, जिसके चलते शहरवासी कूड़े के निपटारे के लिए उसमें आग लगाने लगे हैं। जो की ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है।कूड़े में आग लगाने से जहां एनजीटी के नियमों की अवहेलना हो रही है वही नगर परिषद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। वही नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है की पक्के कर्मचारियों द्वारा कूड़ा का उठान करवाया जा रहा है, लेकिन नगर परिषद के ये प्रयास फेल साबित हो रहे है। जिसके चलते लोग कूड़े में आग लगा रहे है। बीईओ मदन चौपड़ा ने कहा कि अभी मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसी कोई बात हुई है तो नगर परिषद के अधिकारियों से बात कर स्कूल के आसपास कूड़ा न डाला जाने को कहा जाएगा।
10 होमगार्ड व 4 रोडवेज चालक किए तैनात
बहादुरगढ़ | फायर ब्रिगेड के 18 कर्मचारी हड़ताल पर है आैर 43 डिग्री के तापमान के बीच शहर में चल रही तीन हजार छोटी बड़ी फैक्ट्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी फायर ब्रिगेड के 16 कर्मचारियों पर है। ऐसे में फायर विभाग ने दस होमगार्ड व चार रोडवेज के चालकों के सहयोग से पहले जैसी व्यवस्था तैयार कर ली है जिससे किसी भी संकट के समय वे स्थिति पर नुकसान को कम करने में अच्छा प्रयास कर सके। सभी होमगार्ड फास्ट एड व अन्य सुरक्षा की ट्रेनिंग लेने के बाद फायर ब्रिगेड में तैनात किए गए हैं। गत दिनों टाटा होम्स में लगी भयंकर आग में होम गार्डस ने जिस तेजी का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने में अपनी जान कर की बाजी लगा दी थी। फायर अधिकारियों का अपनी नई टीम के सदस्यों के प्रति अधिक विश्वास पैदा हो गया है।अब अगर कहीं आग लगती है और फायर कर्मचारियों की जरूरत पड़ती है तो स्ट्राइक पर बैठे कर्मचारी नहीं, बल्कि निगम की ओर से अस्थायी तौर पर दिए गए दस होमगार्ड और चार रोडवेज चालकों को भी आग बुझाने के लिए भेजा जाएगा। वहीं, जब इस बारे में फायर ऑफिसर टंकी राम व रविंद्र से बात की गई तो हड़तरल पर गए कर्मचारियों की जगह दूसरे स्टाफ को अस्थायी तौर पर लगाया।