पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग को लेकर शहर में प्रदर्शन करते सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य।
भास्कर न्यूज |भिवानी
पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करवाने के लिए रविवार काे सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े विभिन्न विभागाें के कर्मचारी जिला प्रधान यादविरेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में नेहरू पार्क में एकत्रित हुए अाैर इसके बाद शहर में प्रदर्शन करते हुए मांगाें का ज्ञापन सांसद धर्मवीर सिंह के नाम सौंपा।
यादविरेंद्र शर्मा व नरेंद्र दिनोद ने बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया जाए क्योंकि नई पेंशन स्कीम पूरी तरह बीमा कम्पनी व शेयर मार्केट पर आधारित है। इसमें कोई गारंटी नहीं हैं कि हमें सेवा उपरांत पेंशन मिलेगी। 2004 से पहले सरकारी कर्मचारियों को पेंशन के साथ-साथ जीपीएफ में पैसा कटवाने की सुविधा थी और इस पर ब्याज भी मिलता था। अब बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाखों कर्मचारियों को इसकी भेंट चढ़ा दिया।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि अगर नई पेंशन इतनी अच्छी व लाभ देने वाली हैं तो पूरे हिंदुस्तान में सांसदों, विधायकों पर भी लागू की जाए क्योंकि ये भी तीन-तीन पेंशन लेते हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सांसदों व विधायकों पर नई पेंशन स्कीम लागू नहीं हो सकती तो उन पर थोपी गई नई पेंशन स्कीम को वापस लिया जाए अन्यथा 2019 में परिणाम भुगतने को तैयार रहे। इस अवसर पर अनेक कर्मचारी मौजूद थे।