चोरी की बोलेरो कैंपर के साथ दो गिरफ्तार
बहल | पुलिस ने बहल राजगढ़ टी प्वाइंट पर दो युवकों को चोरी की बोलेरो कैंपर गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। गाड़ी नंबर प्लेट फर्जी लगी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस बहल राजगढ़ टी प्वाइंट से गुजरने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक बोलेरो कैंपर नाके पर पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकवाया। कागज मांगने पर चालक ने गाड़ी की आरसी दिखाई। आरसी व गाड़ी के आगे पीछे लगे नंबर अलग अलग थे। पूछताछ में आरोपियों की पहचान गांव नवां भैसली जिला चुरू राजस्थान निवासी अमीन खान व नरेंद्र के रूप में हुई। अमीन खान गाड़ी चला रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया किया उन्होंने यह गाड़ी चोरी की थी और गाड़ी की पहचान न हो इसके लिए नंबर प्लेट बदल दी थी। जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 336, 411, 420 व 379 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इससे वाहन चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी उम्मीद है।