80 फीसदी उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले बहरागोड़ा बीएड कॉलेज के फोर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरने से वंचित हो सकते हैं। इस आदेश के बाद विद्यार्थी सकते में है। इस मामले को लेकर विद्यार्थियों का एक दल कॉलेज के प्राचार्य डॉ एस पी महालिक से मिला। उनसे 80% उपस्थिति नहीं होने पर फॉर्म फिलअप नहीं करने देने के मामले में आग्रह करते हुए कहा कि कॉलेज प्रबंधन उन्हें स्पेशल क्लास लेकर 80 % उपस्थिति को पूरा करे। स्पेशल क्लास करने के लिए हम सभी तैयार हैं।
कक्षा नहीं करने वाले विद्यार्थियों से मांगा गया कोर्ट का एफिडेविट : बीएड के विद्यार्थियों ने प्राचार्य से कहा कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से स्पेशल क्लास गर्मी की छुट्टी में करने के लिए कोर्ट का एफिडेविट मांगा गया है। इस पर बीएड के विद्यार्थियों ने कहा कि हम सभी गर्मी की छुट्टी में स्पेशल क्लास करने के लिए एक अंडरटेकिंग दे देंगे। एफिडेविट कराने में प्रति विद्यार्थी लगभग 300 से 400 रुपए का खर्च आएगा। एफिडेविट नहीं कराने से खर्च बच जाएगा। वह एक आवेदन अंडरटेकिंग के रूप में देंगे ताकि स्पेशल क्लास में शामिल हो सकें।
प्रचार्य से मिलते छात्र नेता व अन्य विद्यार्थी।
किस कारण से क्लास में उपस्थित नहीं हुए उल्लेख करें : प्राचार्य
कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि एक आवेदन सभी विद्यार्थी दें कि वह गर्मी की छुट्टी में स्पेशल क्लास करेंगे। उन्होंने कहा कि जब आप लोग दाखिला लिए थे तो उसी समय एक एफिडेविट बांड भर कर दिए थे कि 80 % क्लास करेंगे। इसी कड़ी के तहत आप को 80% क्लासेस करना है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों ने 50 से 60 % ही क्लासेस की है। एक परसेंट विद्यार्थी ही 80% उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा किस कारण से आप क्लास में उपस्थित नहीं हुए उसका अंडरटेकिंग में उल्लेख करें। छात्रों ने बीएड कॉलेज में आवागमन के लिए वाहनों की सुविधा नहीं होने व पेयजल की समस्याओं से अवगत कराया। प्राचार्य इन समस्याओं को जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर छात्र नेता देबू सीट सह बहरागोड़ा बीएड कॉलेज के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थी उपस्थित थे।