बहरागोड़ा : 20 जून के बाद स्कूलों को दिए जाएंगे गैस सिलेंडर और चूल्हे
बहरागोड़ा प्रखंड 1 व 2 के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस सिलेंडर व चूल्हे उपलब्ध कराए जाएंगे। रसोइया को धुएं की परेशानी से निजात मिलेगी। सभी विद्यालयों को 20 जून के बाद गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध कराए जाएंगे। उक्त जानकारी बहरागोड़ा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बसंत नारायण सिंह ने दी। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा है कि शैक्षणिक प्रखंड 1 व 2 के सभी विद्यालयों में बच्चों के स्ट्रेंथ के आधार पर चूल्हा एवं गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी स्कूल में 2 सिलेंडर एवं चूल्हा मुहैया कराया जाएगा। जहां 100 से अधिक विद्यार्थी हैं वहां और अधिक संख्या में सिलेंडर एवं चूल्हा दिया जाएगा। ताकि माता समिति के सदस्यों को रसोई करने में कोई परेशानी न हो। मध्याह्न भोजन बनाने के लिए माता समिति की संयोजिका एवं सदस्यों को लकड़ी से खाना बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब गैस सिलेंडर एवं चूल्हा सरकार की ओर से उपलब्ध कराने के बाद उन्हें धुएं से मुक्ति मिल जाएगी।