भारतीय संविधान ने महिलाओं को दिए हैं समान अधिकार और अवसर: भावना
भास्कर संवाददाता|बैकुण्ठपुर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैकुंठपुर की तरफ से ग्राम पंचायत महौरा पटना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर प्राधिकरण की सचिव भावना नायक ने उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकार व कानून के संबंध में जानकारी दी।
परिवार कल्याण समिति जो घरेलू हिंसा से संबधित है उसके बारे में उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया। उन्होंने महिलाओं से कहा कि अगर उनके साथ किसी प्रकार की ऐसे कोई घटनाएं होती है जो उन्हें ठीक नहीं लगती तो वे इसके बारे में कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं। चुप रहने से इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिलता है इसलिए पहली ही बारे में ऐसे घटनाओं का विरोध करें और तत्काल नजदीकी थाने में इसकी रिर्पोट दर्ज कराएं, जिससे असमाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव भावना नायक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हम एक आर्थिक और राजनीतिक शक्ति पुंज के रूप में उभर रहे हैं। हमारे संविधान ने महिलाओं को जो अधिकार और अवसर दिए हैं उन्हें भी प्रमुखता मिल रही है। आज महिलाएं भी मेहनत कर रही हैं, और अपने करियर को लेकर गंभीर हैं। ऐसे में महिलाओं को भी भारतीय कानून की तरफ से दिए गए अधिकारों के प्रति जागरूकता होनी चाहिए।
विधिक साक्षरता शिविर में कानून की जानकारियों देतीं सचिव।