नपा ने गहरीकरण के लिए तालाब का पानी कर दिया बर्बाद, टेंडर अब तक नहीं
जोड़ा तालाब का गहरीकरण कराने के नाम पर पिछले दिनों नपा ने पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए भरा थोड़ा बहुत पानी पंपसेट से बाहर निकलवा कर बर्बाद करा दिया। जबकि तालाब के गहरीकरण के लिए अभी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई। वहीं 10 जून तक मानसून आने की संभावना जताई गई है। ऐसे में यदि प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी तालाब के गहरीकरण का काम शुरू भी करा िदया जाता है, तो शायद ही संभव हो। इस संबंध में जानकारों का कहना है कि थोड़ा बहुत खुदाई होने के बाद बारिश हो जाएगी। फिर कौन काम की जांच कर सकेगा। ऐसे में जानबूझकर तय प्लानिंग के तहत टेंडर आदि की प्रक्रिया लेट लतीफी से शुरू की गई है, ताकि बगैर काम कराए ही आवंटित बजट को हजम किया जा सके।
बता दें कि जोड़ा तालाब गहरी कराने 66 लाख रुपए मंजूर हो गया है। इसमें से 33 लाख डीएम फंड से और दूसरा नपा के विभागीय फंड से 33 लाख मंजूर किया गया है। नपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डीएम फंड से मंजूर राशि के लिए दो बार टंेडर हो चुका है। पहली बार तकनीकी कारण से रिजेक्ट हुआ था। जबकि दूसरी बार सिंगल टंेडर आने के कारण फिर से टंेडर मंगाने की प्रक्रिया की जा रही है। जबकि 20 से 25 दिन में मानसून आने की संभावना जताई जा रही है। एेसे में तालाब का गहरीकरण शायद ही संभव हो पाए। बड़ा सवाल यह है कि आने वाले 10 से 15 दिनों में री-टेंडर की प्रक्रिया होगी। मतलब काम के नाम पर खानापूर्ति ही होगी।
12 हजार वर्ग मीटर तालाब का गहरीकरण 10 दिन में कैसे होगा पूरा
12 हजार वर्ग मीटर में फैले तालाब के पानी को गहरीकरण के लिए बाहर निकाल कर सुखा दिया गया।
काम पूरा कराने का डेडलाइन तय है
बारिश शुुरू होने से पहले काम पूरा करने की डेडलाइन तय है लेकिन सवाल यह है कि अगर तीसरी बार टंेडर प्रक्रिया 25 मई तक पूरी होगी तो काम शुुरू करने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग ही जाएगा। मतलब तालाब का गहरीकरण करने ठेकेदार के पास सिर्फ 10 से 15 दिन का समय रहेगा। ऐसे में इतने कम दिनों में यह काम शायद ही संभव हो। इस सवाल का जवाब ढुंढने हमने कुछ ठेकेदार से बात की तो जानकारी मिली कि यह संभव नहीं है। तालाब 12 हजार वर्ग मीटर मंे फैला हुआ है। करीब 5 फीट गहरी करण का काम होना है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश शुरू होने में 25 दिन शेष बचे हैं। जबकि री-टंेडर में 10 दिन और लग जाएंगे।
घाट,पथ-वे और चैन लॉकिंग बनाया जाएगा
33 लाख खर्च कर डीएम फंड से गहरीकरण का काम होगा तो विभाग की ओर जारी 33 लाख की राशि से घाट निर्माण, पथ-वे, चैन लाॅकिंग बनाया जाएगा। लोगों का कहना है कि बारिश में गहरीकरण संभव नहीं है। थोड़ा बहुत ही काम हो पाएगा और तालाब में पानी भर जाएगा। ठीक वैसे ही जैसे पिछले बार तालाब गहरी करण के काम में हुआ था।
समय पर हो जाएगी तालाब की खुदाई
नपा सीएमओ राकेश शर्मा ने बताया टंेडर फिर से मंगाया गया है। 25 मई तक क्लीयर होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इस सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि बारिश से पहले तय समय पर गहरीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।