राजस्थान फसली ऋण माफी योजना 2018 के सफल क्रियान्वयन के लिए सोमवार को मुख्य सचिव डीबी गुप्ता द्वारा वीडियो काॅन्फ्रेन्सिग के दौरान कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित सहकारी समितियों एवं केन्द्रीय सहकारी बैंकों तथा भूमि विकास बैंक के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। सहकारिता सचिव अभय कुमार ने भी योजना के बारे में बताया। मुख्य सचिव ने ऋण माफी शिविरों के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान फसली ऋण माफी योजना के अन्तर्गत कृषकों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र पैक्स स्तर पॉयलेट बेसिस पर मई में शिविर आयोजित कर कृषकों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र का वितरण किया जाए।
उन्होंने शिविरों के दौरान पानी, बिजली, छाया आदि की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एमडी कोऑपरेटिव रविन्द्र राजपुरोहित ने बताया कि राजस्थान फसली ऋण माफी योजना के तहत कृषकों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र पैक्स स्तर पॉयलेट बेसिस पर शिविर आयोजित करने के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति बड़ौदिया एवं ग्राम सेवा सहकारी समिति बकानी का चयन किया गया है। बड़ौदिया सहकारी समिति के 270 खातों एवं बकानी के संपूर्ण 316 खातों को वेलिडेशन का कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि चयनित समितियों में से कृषकों को ऋण माफी प्रमाण पत्र का वितरण 26 मई को बकानी ग्राम सेवा सहकारी समिति का शिविर पंचायत समिति परिसर बकानी में होगा। ग्राम सेवा सहकारी समिति बड़ौदिया का शिविर 28 मई को सहकारी समिति मुख्यालय पर ही आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि ऋण माफी शिविर की पूर्व आवश्यक तैयारियों के लिए बड़ौदिया में 23 मई को एवं बकानी में 24 मई को एक दिवसीय शिविर आयोजित किया जाएगा और जिन कृषकों के पास आधार, भामाशाह कार्ड उपलब्ध नहीं है उन्हें शिविर के दौरान रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मेगा बैठक
राजस्थान फसली ऋण माफी योजना 2018 के सफल क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने की वीडियो काॅन्फ्रेन्सिग
आधार व भामाशाह आवश्यक
वीसी के दौरान बताया गया कि ऋण माफी योजना के पात्र किसानों के आधार कार्ड व भामाशाह कार्ड अनिवार्य होंगे। इसलिए जिन काश्तकारों के आधार कार्ड नहीं बने हुए हैं वे अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए नजदीक के आधार पंजीयन केन्द्र पर जाकर अपना आधार बनाएं। भामाशाह कार्ड का पंजीयन सभी ई-मित्र केन्द्रों पर किया जा रहा है। वीसी के दौरान उप रजिस्ट्रार नरेन्द्र सिंह बिष्ट व भूमि विकास बैंक के सचिव डॉ. अजय मिश्रा भी उपस्थित रहे।