झालावाड़. आवश्यक सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागों से संबंधित योजनाओं तथा निर्माणाधीन कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में हुई।
बैठक में कलेक्टर ने गत सप्ताह आयोजित मुख्यमंत्री जन संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त परिवेदनाओं पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए निस्तारित करने के निर्देश समस्त अधिकारियों को दिए। उन्होंने जलदाय विभाग के एसई को शहर में पेयजल आपूर्ति पुख्ता तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभागीय कन्ट्रोल रूम के नंबरों का प्रचार-प्रसार करावें और कन्ट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल निराकरण कराएं। उन्होंने अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के एसई को ग्रामीण गौरव पथ के कार्य में प्रगति लाने और बकानी मेगा हाइवे पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिका गौरव उद्यान पर भी बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में चरण पादुका, प्रवेश बन्धन कार्यक्रम तथा प्रारंभिक शिक्षा के विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर नामांकन कराने वालों को पुरस्कृत किया जाए। उन्होंने जिले में आओ स्कूल चलें की तर्ज पर काम करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक को निर्देश दिए कि कि जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर एक भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी व आशा का पद रिक्त न रहे। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर संचालित वेदान्ता और श्वेत अमृत कार्यक्रम में और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक से कहा कि संपूर्ण जिले की सभी पात्र महिलाओं को पालनहार योजना का लाभ दिलाएं। उन्होंने नगर परिषद के आयुक्त राजेन्द्र सिंह चारण को शहर के सभी नालों की बरसात से पूर्व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, श्रम कल्याण, शिक्षा, रोडवेज इत्यादि विभागों में संचालित योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। जिला रसद अधिकारी प्रतिभा देवठिया, भूमि अवाप्ति अधिकारी पुष्पा हरवानी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।