ग्रामसभा में बिजली-पानी व सड़क की समस्या हल कराने की मांग
परचनपाल | बकावंड जनपद पंचायत के ग्राम पचायत भिरलिंगा में मंगलवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली इस ग्रामसभा में ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क की समस्याओं से निजात दिलाने की मांग उपसरपंच गुनेश्वर, पंच ईश्वर से की। इसके बाद पंचायत सचिव ने ग्रामसभा के प्रस्ताव में जनपद में भेजने की बात कही। ग्राम पंचायत के सचिव बंशीलाल ने ग्रामीणों को बताया पीएम आवास, उज्ज्वला योजना और पेंशन आदि के प्रकरण बनाए गए हैं। जल्द ही इसका लाभ ग्रामीणों को मिलेगा।
ग्रामसभा के नोडल अधिकारी रमाकांत कवि ने बताया कि 18 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम पंचायत में स्वच्छता, उज्ज्वला, ग्राम स्वराज दिवस, आयुष्मान भारत आदि का आयोजन किया जाएगा। कवि ने ग्रामीणों को बताया कि अपूर्ण शौचालय को पूर्ण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने नोडल अधिकारी और सरपंच को बताया कि पंचायत में ग्रामसभा संचालित की जा रही है पर गांव में पदस्थ शिक्षक, पटवारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, कृषि मित्र आदि ग्रामसभा में मौजूद नहीं रहने से विभागीय आवेदनों और शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी हो रही है। आगामी ग्रामसभा में इस प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई करने की अनुशंसा कलेक्टर से की जाएगी जिसको लेकर भी पंचायत प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।