परीक्षा में उत्तीर्ण लेकिन अंकसूची में एक विषय में दर्शाया अनुपस्थित
नगर के नवीन महाविद्यालय में अध्ययनरत अनेक छात्रों को परीक्षा में अकारण ही अनुपस्थिति दर्शा दिया गया। विश्व विद्यालय की इस बड़ी खामी को लेकर संबंधित छात्र छात्राओं में खासा आक्रोश है।
छात्र छात्राओं ने जब सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद अपनी अंकसूची देखी तो उनके होश उड़ गए । अंकसूची में उन्हें एक विषय में अनुपस्थित दर्शाया गया है जबकि संबंधित छात्र बाकायदा पेपर देने के लिए नवीन महाविद्यालय गए थे और उपस्थिति पंजी में उनके नाम दर्ज हैं। इसमें कुछ बीएससी एटीकेटी प्रथम सेमेस्टर की छात्राएं हैं, कुछ बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्राएं हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में पास होने के उपरांत भी परीक्षा परिणाम में उन्हें अनुपस्थित दर्शाया गया है , यह उनकी समझ से परे है।
संबंधित छात्रों ने बताया कि जब उन्होंने प्राचार्य से बात की तो उन्होंने कॉलेज से उपस्थिति पंजी लेकर छतरपुर महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय जाकर संपर्क करने की सलाह दी। छात्र शिवराम चढ़ार बीएससी तृतीय सेमेस्टर रसायन शास्त्र में , आनंद नामदेव बीएससी एटीकेटी प्रथम सेमेस्टर में वनस्पति शास्त्र में और विशाखा प्रजापति बीएससी तृतीय सेमेस्टर में रसायन शास्त्र में अनुपस्थित दर्शाया गया है।
विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा छात्र छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। छात्र इस समस्या को लेकर महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय छतरपुर भी गए लेकिन अभी तक उनकी अंकसूचियों में सुधार नहीं किया गया है।
इस संबंध में प्राचार्य डा.पुष्पेंद्र खरे कहते हैं कि यह गलती यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों की है, उन्होंने सुधार किए जाने की बात की है।