किवरली गांव में संकट मोचन बालाजी की निकाली रथ यात्रा
समीपवर्ती किवरली गांव के संकट मोचन हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव पर रथ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हनुमान चौक से शुरु हुई, जो सुथारवास, पुरोहितवास, राजपूतवास, मालीवास, रेबारीवास, कुम्हारवास व अग्रवालवास होते हुए पुन: हनुमान चौक पहुंची। यात्रा में शामिल श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। मंदिर पर भंवरलाल पुरोहित की ओर से ध्वजा चढाई गई। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ। इसमें गांव के साथ ही आसपास के भारजा, वाड़ा, डेरना, ओर, खड़ात, देलदर, पांडूरी, कारौली व आमथला आदि क्षेत्रों के सैकड़ों लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर की ओर खान-पान की स्टॉले लगी रही। रात में भजन संध्या कार्यक्रम हुआ। इसमें भजन कलाकार मोईनुदीन मनचला व अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। आयोजन में वगताराम पुरोहित, गुलाबसिंह, भवानीशंकर पुरोहित, भुवनेश परोहित, सुमित पुरोहित, अमृत पुरोहित, उम्मेदसिंह देवड़ा, भरतसिंह, रमेश भाली, माली, नारायण भाई प्रजापत, अमृतलाल छीपा, अरविन्द पुरोहित व महेन्द्र पुरोहित ने सहयोग किया।