बलाचौर में तहसीलदार छुट्टी पर, रजिस्ट्रियों का काम रुका
तहसील में पेश आ रही समस्याओं के बारे में बताते लोग।
भास्कर संवाददाता | बलाचौर
तहसील बलाचौर में तहसीलदार के छुट्टी पर होने और नायब तहसीलदार की पोस्ट अर्से से खाली होने के कारण रोज काम के लिए आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दफ्तर में काम करवाने के लिए आए बिमल कुमार, दलजीत सिंह माणेवाल, तरलोचन सिंह, राकेश, सुखदेव सिंह, दिनेश कुमार, मास्टर हरनाम दास, हरी ओम, राम लाल, भजन लाल और सुरजीत ने बताया कि तहसीलदार के न होने से रजिस्ट्री करवाने के लिए जमीन बेचने वाले, खरीदारी, नंबरदार और गवाहों को दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यहां आने पर पता चलता है कि तहसीलदार मौजूद नहीं होते, वह फील्ड में व्यस्त होते हैं। लोगों ने कहा कि नायब तहसीलदार की पोस्ट खाली होने से भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उधर, एसडीएम जगजीत सिंह ने कहा कि तहसीलदार चेतन बंगड़ ट्रेनिंग में व्यस्त हैं जबकि उन्हें कामकाज के सिलसिले में हाईकोर्ट में भी जाना पड़ता है। लोगों की मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए जल्द समस्या का हल किया जाएगा।