पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चंबल में मिला युवक का शव, चार के खिलाफ केस

चंबल में मिला युवक का शव, चार के खिलाफ केस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्षेत्र में बागोरा गांव के पास बह रही चंबल नदी में सोमवार को सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची बहरावंडा कलां थाना पुलिस ने शव को चंबल नदी से निकलवाया। खंडार सीएचसी में मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के पिता ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला बहरावंडा कलां थाने में दर्ज कराया है। इसमें एक खास बात यह भी है कि जिन चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है वे चारों ही मृतक बलराम बैरवा के भतीजे हैं।

बिचपुरी मिश्रान गांव निवासी बलराम बैरवा (20) पुत्र रामप्यारा बैरवा रविवार को सुबह करीब 11 बजे अपने मित्रों के साथ घर से कहीं चला गया। देर शाम तक भी जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

काफी रात हो जाने के बाद भी जब बलराम बैरवा का पता नहीं चला तो परिजन अपने घर लौट गए तथा सोमवार को सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान कुछ लोगों को बागोरा गांव के पास बहने वाली चंबल नदी के किनारे एक युवक का शव दिखाई गई, जिसका पूरा मुंह बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो रहा था तथा शरीर पर भी कपड़े नहीं थे। परिजनों को पता चलने पर वे तुरंत मौके पर दौड़े तथा हाथ में पहन रखे कड़े के आधार पर युवक की शिनाख्त बलराम बैरवा के रूप में की। लोगों की सूचना पर बहरावंडा कलां थाना पुलिस दोपहर में मौके पर पहुंची तथा शव को नदी से बाहर निकलवाकर परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने खंडार सीएचसी जाकर मृतक का पोस्टमार्टम कराया।

मृतक युवक बलराम। (फाइल फ़ोटो)

जिनके खिलाफ केस, वे बलराम के भतीजे

मृतक बलराम बैरवा के पिता रामप्यारा बैरवा ने बहरावंडा कलां थाने में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में गांव के ही रामलखन बैरवा, विकाश बैरवा, राहुल बैरवा और पवन बैरवा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराते हुए षड़यंत्र रचकर उसके पुत्र बलराम बैरवा की हत्या कर चंबल नदी में फेंकने की आशंका जताई है। इसमें एक खास बात यह भी है कि जिन चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है वे चारों ही मृतक बलराम बैरवा के भतीजे हैं। रामप्यारा बैरवा के बड़े पुत्र रामअवतार की गत वर्ष बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसका छोटा बेटा बलराम ही उसका सहारा था।

शव परिजनों को सौंपा

ग्रामीणों से चंबल नदी में एक युवक का शव होने की जानकारी मिली। सूचना पर मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और परिजनों द्वारा युवक की शिनाख्त की गई। इसके बाद खंडार अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। - हेमेंद्र चौधरी, थानाधिकारी, बहरावंडा कलां

खबरें और भी हैं...