बालेर पंचायत के डांग क्षेत्र में कई हैंडपंप खराब, जल संकट
ग्राम पंचायत बालेर के अंतर्गत डांग क्षेत्र के गांवों में भीषण गर्मी में पेयजल के लिए एक मात्र संसाधन हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। डांग क्षेत्र के बेरई की ढाणी, भीमपुरा, बीच का पुरा सहित अन्य गांवों में लगे हैंडपंप भू जल स्तर गहरा जाने से अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से ढाणियों में लगे हैंडपंपों में अतरिक्त पाइप डलवाकर इनकी शीघ्र मरम्मत करवाई जाने की मांग की है, जिससे यहां के बाशिंदों को गर्मी में पेयजल मुहैया हो सके। ग्राम पंचायत बालेर के ग्राम विकास अधिकारी दिनेश चंद शर्मा ने भी खंडार जलदाय विभाग के अधीशासी अभियंता को पत्र सौंपकर डांग क्षेत्र की ढ़ाणियों में खराब पड़े हैंडपंपों को सही करवाने की मांग की है।
बालेर. डांग क्षेत्र भीमपुरा ढाणी में खराब पड़ा हैंडपंप।