अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से ट्रेलर के खलासी की मौत
बालेसर | नेशनल हाइवे संख्या 125 पर बंबोर से तुलेसर के बीच में एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से ट्रेलर के खलासी की मौत हो गई। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आगोलाई चौकी प्रभारी माधोसिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार सुबह एनएच 125 पर बंबोर से तुलेसर के बीच होटलों पर एक ट्रेलर रुका। उसका परिचालक जेठाराम उर्फ जेठू पुत्र भागूराम जाट निवासी तालेसरा पीसांगन अजमेर सड़क पार करके लघुशंका करने के लिए जा रहा था। इतने में अचानक कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया। लोगों ने देखा तो उसका संभाला व बालेसर सीएचसी लेकर आए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के भाई किशनसिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।