अफसर-कर्मी को बताया अग्नि दुर्घटनाओं में कैसे करें बचाव
राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह पर बालको की ओर से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 20 अप्रैल तक आयोजित कार्यक्रम के तहत अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता व उससे बचाव के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस साल अग्निशमन सेवा सप्ताह की थीम है ‘आग से हानि राष्ट्रीय नुकसान-आइए मिलकर अग्नि सुरक्षा उपायांे को अपनाएं।’संयंत्र के विभिन्न स्थानों पर आग बुझाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है ताकि आग लगने की स्थिति में अधिकारी, कर्मचारी व ठेका श्रमिक विभिन्न अग्निशामक उपकरणों का प्रयोग तत्परता से कर सकें। अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संयंत्र की विभिन्न इकाइयों में अग्निशमन सुरक्षा लेखा परीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न इकाइयों में अग्निशमन सुरक्षा प्रश्रोत्तरी स्पर्धा आयोजित की जा रही है।राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह प्रति वर्ष देश भर में विक्टोरिया डॉकयार्ड के उन 68 अग्रिशमनकर्मियों की याद में मनाया जाता है जो 14 अप्रैल 1944 को फोर्ट स्टिकिन नामक जहाज में लगी भीषण आग को बुझाते हुए शहीद हुए थे। इस अग्निकांड में बड़े पैमाने पर जान-माल की क्षति हुई थी। शहीदों को श्रद्धांजलि देने और ऐसी किसी भी अग्नि दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से भारत सरकार ने 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के तौर पर घोषित किया है। इसी के तहत बालको प्रति वर्ष अग्निशमन सुरक्षा जागरूता सप्ताह आयोजित करता है।
राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह पर बालको में हुए विविध कार्यक्रम, तैयारियों का भी लिया जायजा
अग्नि दुर्घटना के प्रति जागरुकता व उससे बचाव के लिए प्रशिक्षण देते।