खदान क्षेत्रों में युवाओं के कौशल उन्नयन व उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्यरत वेदांत आई एलएंडएफएस स्किल स्कूल के संचालन के लिए बालको ने वर्ष 2018 का सीएसआर प्रोजेक्ट ऑफ द ईयर अवार्ड प्राप्त किया। मीडिया बाइट्स व ब्रांड मीडिया की ओर से नई दिल्ली में आयोजित समारोह में पुरस्कार बालको के कंपनी संवाद एवं सीएसआर प्रमुख आशीष रंजन व कवर्धा एवं मैनपाट खदान सीएसआर प्रमुख रॉबिन जीवा ने अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार एवं प्रतिरक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुबीर मलिक ने प्राप्त किया। उद्यमी एवं समाजसेवी रमेश अग्रवाल तथा सेंट्रल एक्साइज, भारत सरकार के एडीजी महेंद्र रंगा इस अवसर पर मौजूद थे। कार्यक्रम में आशीष रंजन ने कहा कि बालको ने अपने प्रचालन क्षेत्रों कोरबा, मैनपाट और बोदई-दलदली में वेदांत स्किल स्कूल संचालित किए हैं। यहां से प्रशिक्षण पाने वाले युवा देश की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों मंे सेवाएं दे रहे हैं। बेरोजगार युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में संचालित परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के वक्ताओं और विभिन्न उद्योगों एवं संगठनों डाटा विंड, वेदांत समूह, टोयोटा, सुलभ सैनिटेशन सोशल रीफॉर्म मूवमेंट, नैसकॉम फाउंडेशन, अलीबाबा, एस बैंक, डायवर्सी, सीएन फाउंडेशन, ब्रिलियो, गैलवे फाउंडेशन, डीएलएफ लिमिटेड, सस्टेनेबल स्क्वायर, चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड, जीएमआर वरलक्ष्मी फाउंडेशन, इफको टोक्यो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड, भारती फाउंडेशन, जेएलएल स्टेनलेस लिमिटेड, डॉ. रेड्डी फाउंडेशन, सहगल फाउंडेशन आदि के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।
अब तक सात हजार युवाओं को मिला प्रशिक्षण
वेदांत स्किल स्कूल वर्ष 2010 से कोरबा में संचालित है। स्कूल की शाखाएं सरगुजा जिले के मैनपाट तथा कबीरधाम जिले के बोदई-दलदली क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं। केंद्रों में छत्तीसगढ़ राज्य के चयनित बेरोजगार युवकों व युवतियों को औद्योगिक सिलाई, वेल्डिंग, फीटर, इलेक्ट्रिशियिन और हॉस्पिटैलिटी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक लगभग 7000 युवाओं को प्रशिक्षण मिल चुका है।